After Header-1

कर्नाटक : भाजपा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प में 10 घायल

यादगीर । कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले यादगीर जिले में कांग्रेस और  भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प का मामला सामने आया है। यह घटना गुरुवार को शोरापुर निर्वाचन क्षेत्र में हुई, जिसमें अनेक वाहनों को नुकसान पहुंचा और कम से कम 10 लोग घायल हो गए।

दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प तब शुरू हुई जब कांग्रेस से टिकट की आशा रखने वाले राजा वेंकटप्पा नायक आदर्श आचार संहिता लागू होने के बावजूद एक मंदिर के मेले में शामिल होने पहुंचे। वहां पहले से मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने नायक के मंदिर मेले में शामिल होने का विरोध किया।

इससे दोनों दलों के समर्थकों के बीच झड़प हो गई, पथराव किया गया और कारों तथा अन्य वाहनों में तोड़फोड़ किया गया। इस झड़प में 10 लोग घायल हो गए, पुलिस ने भाजपा और कांग्रेस नेताओं राजू गौड़ा एवं श्री नायक के खिलाफ मामला दर्ज किया साथ ही 18 लोगों को गिरफ्तार किया।

घटना का संज्ञान लेते हुए यादगीर जिले के उपायुक्त ने शोरापुर निर्वाचन क्षेत्र में दो दिनों के लिए निषेधाज्ञा लागू कर दी है। यादगीर जिले के गुरमिटकल विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को जद (एस) और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच भी झड़प की इसी प्रकार की घटना हुई थी।

यह घटना तब हुई थी जब जद (एस) के कार्यकर्ताओं ने गांव के एक मेले में कांग्रेस नेता बाबूराव चिंचनसुर की उपस्थिति का विरोध किया और कहा कि इस मेले का आयोजन राजनीतिक दलों के बिना किया जा रहा है तथा किसी भी नेता पर ध्यान नहीं देना चाहिए। पुलिस ने इस मामले में भी एक केस दर्ज किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.