निवेशकों की पहली पसंद बन चुका है यूपी

लखनऊ । रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि खराब कानून व्यवस्था के कारण कुछ समय पहले तक निवेशक यहां आने में कतराते थे मगर पिछले पांच छह साल में तस्वीर बदल चुकी है और सुशासन का पर्याय बन चुका यह राज्य निवेशकों की पहली पसंद बन चुका है।

यूपी ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के पहले दिन  सिंह ने कहा ‘‘ नेतृत्व बदल जाने से परिदृश्य कैसे बदल जाता है, देश और उत्तर प्रदेश इसके उदाहरण हैं। पहले यूपी में इन्वेस्टमेंट को वेस्ट (व्यर्थ) समझा जाता था, आज बेस्ट (सबसे अच्छा) समझा जाता है।

आज यूपी अपने नाम ‘अप’ को साकार कर रहा है। आज यूपी का मतलब ‘हेल्थअप’ है, ‘एजुकेशनअप’ है, ‘इंफ्रास्ट्रक्चरअप’ है, ‘इन्वेस्टमेंटअप’ है और इन्वेस्टमेंट का ‘रिटर्नअप’ है। रक्षा मंत्री ने कहा कि देश ने ऐसा भी समय देखा है जब लोग व्यवसाय के क्षेत्र में आने से कतराते थे मगर विगत कुछ सालों से व्यवसाय समुदाय के प्रति एक नई सोच पैदा हुई है। अब बिजनेस कम्युनिटी के लिए ‘रेड टेप’ नहीं बल्कि ‘रेड कारपेट’ दिखता है।

आज बिजनेस कम्युनिटी को वेल्थ क्रिएटर और सामाजिक विकास में कंट्रीब्यूटर माना जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए राजनाथ ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने सशक्तिकरण की जो राह दिखाई थी,पीएम मोदी के नेतृत्व में देश आज उसी पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

पीएम मोदी के रूप में देश को एक प्रधानमंत्री ही नहीं बल्कि एक प्रेरणापुरुष भी मिला है। उनके द्वारा स्थापित किए जा रहे प्रतिमान लंबे समय तक अटूट रहेंगे। उन्होने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष, विश्व बैंक और ग्लोबल इन्वेस्टर्स देश को भरोसे की निगाह से देखते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.