‘गणतंत्र नमन’ में छात्रों की प्रश्नोत्तरी व चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

देहरादून । सूचना प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो के उत्तराखंड एकांश द्वारा देहरादून में ‘गणतंत्र नमन’ कार्यक्रम के अन्तर्गत, छह दिवसीय चित्र प्रदर्शनी के तीसरे दिन शनिवार को विद्यार्थियों की प्रश्नोत्तरी और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित हुई। रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित प्रदर्शनी स्थल पर आज के कार्यक्रमों का नगर निगम महापौर सुनील उनियाल गामा ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि हमारा देश इस वर्ष जी-20 की अध्यक्षता कर रहा है।

यह देश के प्रत्येक नागरिक के लिए बहुत ही गौरवपूर्ण एवं ऐतिहासिक उपलब्धि हैं। उन्होंने कहा कि इस चित्र प्रदर्शनी से सभी छात्र-छात्राओं को भारत के इतिहास के विषय में विभिन्न जानकारियां लेनी चाहिए। उन्होंने परीक्षा पर चर्चा के अंतर्गत, विद्यार्थियों से कहा कि उनको परीक्षाओं को एक खेल की तरह लेना चाहिए। परीक्षाओं से भयभीत नहीं होना चाहिए।

ब्यूरो की सहायक निदेशक डा. संतोष आशीष ने कहा कि विभाग द्वारा लगाई जा रही इस चित्र प्रदर्शनी में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत देश की आजादी की पहली लड़ाई से प्रारंभ होकर देश के आजाद होने तक की पूरी यात्रा को दर्शाया गया है। इसके अतिरिक्त, एक भारत श्रेष्ठ भारत के अंतर्गत, उत्तराखंड के सह राज्य कर्नाटक की संस्कृति एवं सभ्यता को भी चित्र प्रदर्शनी में दर्शाया गया है।

आज के कार्यक्रम में देहरादून के गांधी इंटर कॉलेज एवं सी. एन. आई. इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान, उनके मध्य प्रश्नोत्तरी एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें प्रथम स्थान सारिका राणा, दूसरा स्थान मिहिर रावत एवं तीसरा स्थान विदुषी जोशी ने प्राप्त किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि  गामा ने प्रतीक चिन्ह एवं विभागीय प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान, विभागीय कलाकारों एवं विभागीय पंजीकृत दल द्वारा रंगारंग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।

Leave a Reply