बूथ सशक्तिकरण अभियान: हर घर-घर जाएगी भाजपा

नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में जीत हासिल करने के लिए बूथ सशक्तिकरण अभियान को हर घर से जीवंत संवाद के स्तर पर ले जाने का आह्वान किया है। नड्डा ने यहां पार्टी मुख्यालय में चल रही भाजपा की दो दिवसीय राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक के समापन समारोह को संबोधित करते हुए यह आह्वान किया।

यह बैठक सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन के साथ शुरू हुई थी। मोदी के दिशानिर्देश के अनुरूप इस बैठक में हर बूथ पर भाजपा को मजबूत बनाने के लिए कई कार्यक्रमों की रचना की गई तथा पहले से चल रहे बूथ सशक्तिकरण एवं पार्टी के अन्य कार्यक्रमों की गहन समीक्षा भी की गई।

भाजपा की राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक में मोदी, श्री नड्डा के अलावा पार्टी के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी, सभी राज्यों के प्रभारी और सह प्रभारी, विभिन्न मोर्चां के प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेशों के संगठन महामंत्री भी शामिल हुए।

समापन सत्र को संबोधित करते हुए  नड्डा ने पार्टी पदाधिकारियों और भाजपा की सभी प्रदेश इकाइयों से ह्यघर – घर’ संपर्क करने का आह्वान किया। घर – घर’ संपर्क करने का मतलब समझाते हुए उन्होंने कहा, भाजपा कार्यकर्ताओं को हर घर के साथ भावनात्मक संबंध स्थापित करने पर बल देना चाहिए। हमें घर-घर जाकर केवल भाजपा का पर्चा पकड़ाना नहीं है बल्कि उनके साथ चर्चा भी करनी है, उनकी समस्याओं को समझना भी है और उसके स्थायी निदान की दिशा में हमें सहयोग भी करना है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, भाजपा कार्यकर्ताओं को घर – घर’ अभियान के माध्यम से हर घर से सीधा सरोकार स्थापित करना चाहिए ताकि वे उस घर के उस सदस्य की तरह दिखें जो मुश्किल से मुश्किल वक्त में भी उनके साथ खड़ा हो। हमें लोगों के दुःख-दर्द में शामिल होना चाहिए और उन्हें अपनेपन का बोध कराना चाहिए। इससे हमें न केवल लोगों की समस्याओं को बहुत आत्मीय रूप से समझने का अवसर मिलेगा बल्कि जनता के साथ भाजपा के आपसी संबंधों को भी एक नयी मजबूती मिलेगी।

दो दिन चल पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक में 2023 में देश के विभिन्न राज्यों में होने वाले विधान सभा चुनाव पर राज्य इकाई के साथ गहन चर्चा की गई। इन राज्यों में पार्टी की सांगठनिक मजबूती, बूथ और मंडल स्तर के कार्यक्रम, जनता से जुड़ाव के पार्टी के अभियान, सदस्यता अभियान और चुनौतियों की गहन समीक्षा भी की गई।

इस बाबत इन प्रदेशों के अध्यक्षों, प्रदेश प्रभारियों एवं प्रदेश के संगठन महामंत्रियों के साथ गहन विचार-विमर्श किया गया तथा आगे की योजनायें बनाई गई कि पार्टी किस रणनीति के तहत इन प्रदेशों में आगे बढ़े और अपने आगामी कार्यक्रमों की रचना करे। इस संदर्भ में संबंधित राज्य इकाइयों ने भाजपा अध्यक्ष के समक्ष अपना प्रेजेंटेशन भी दिया। इसके बाद नड्डा ने संबंधित राज्य इकाइयों को चुनाव की तैयारियों के लिए कुछ विशेष सुझाव भी दिए।

इस बैठक में सभी राज्य इकाइयों को अगले एक सप्ताह में प्रदेश कार्यकारिणी बैठक कराने हेतु दिशानिर्देश दिया गया। साथ ही राज्यों से यह भी कहा गया कि प्रदेश कार्यकारिणी बैठक की तर्ज पर जिला कार्यकारिणी की बैठकें भी जल्द से जल्द बुलाई जानी चाहिए ताकि पार्टी का सांगठनिक कार्यक्रम मजबूती से चलता रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.