दुर्घटना में दूल्हे के पिता सहित चार की मौत

अल्मोड़ा। बेरीनाग से दुल्हन लेकर लौट रही एक ईको फोर्ड कार सौ मीटर नीचे खाई में गिर गई। इस घटना में दूल्हे के पिता, दीदी, भाभी, भतीजे समेत कुल चार लोगों की मौके पर मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों में दुल्हे का फौजी भाई भी शामिल है। यह घटना भैंसियाछाना ब्लॉक के जमराड़ी बखरिया गधेरे की है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह साढ़े नौ बजे बरातियों से भरी एक इको फोर्ड कार यूके-18 एच 6578 जमराड़ी बखरिया गधेरे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना होते ही कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सात लोग सवार बताए जा रहे हैं।

इस घटना में कार में दूल्हे के पिता जसौद सिंह रौतेला पुत्र बची सिंह (65), भतीजा समर पुत्र मंगल सिंह (10), दूल्हे की भाभी अनीता पत्नी मंगल सिंह निवासी मटेला बागेश्वर, दूल्हे की दीदी सीमा पुत्री जसौद सिंह निवासी डोटियाल गांव ताकुला की मौके पर मौत हो गयी।

दुर्घटना में दूल्हे का भाई मंगल सिंह पुत्र जसौद सिंह रौतेला, अक्षत रौतेला पुत्र मंगल सिंह रौतेला व योगिता गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर घायल मंगल सिंह को आपातकालीन सेवा 108 के जरिए बेस अस्पताल लाया गया जबकि एक घायल का इलाज सीएचसी धौलछीना में चल रहा है।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार को बागेश्वर जिले के मटेला गांव से बरात शेराघाट गयी थी। शनिवार को बरात सुबह वापस लौट रही थी। कार मंगल सिंह चला रहा था। वह सेना में कार्यरत है। वह भाई की शादी में शामिल होने के लिए अपने घर मटेला आया हुआ था।

उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के साथ पुलिस व एसडीआरएफ की टीमों ने खोजबीन और राहत कार्य चलाया। उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुचांया। घटना के बाद दूल्हा-दुल्हन के घरों में मातम पसरा हुआ है। सभी मृतकों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलछीना में पोस्टमार्टम किया जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार राय ने बताया कि रेस्क्यू किया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply