मध्यप्रदेश सरकार पर ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में बाधा डालने का आरोप

उज्जैन। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने मध्यप्रदेश सरकार पर राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में बाधाएं डालने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि इसके बावजूद यात्रा को राज्य में उम्मीद से ज्यादा सफलता प्राप्त हुई है।

रमेश ने कहा कि यात्रा को बुरहानपुर से उज्जैन तक सहयोग मिला है। कांग्रेस के अलावा दूसरे लोग भी बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल हुए।उन्होंने दावा किया कि इंदौर और उज्जैन में यात्रा को अभूतपूर्व सहयोग मिला। मध्यप्रदेश में इस यात्रा को उम्मीद से ज्यादा सहयोग प्राप्त हुआ है। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की बाधाओं के बावजूद ये परिणाम सामने आया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कर्नाटक और मध्यप्रदेश में यात्रा का हौंसला कम करने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए गए। इंदौर में पोस्टर निकाले गए। एक मामले में प्राथमिकी भी दर्ज की गई। यात्रा की कई बार आलोचना की गई। उसके बावजूद यात्रा बहुत सफल हुई है।

उन्होंने इसका श्रेय प्रदेश कांग्रेस समिति को देते हुए कहा कि प्रदेश इकाई ने इस यात्रा को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर काम किया है। उन्होंने प्रदेश की सड़कों के बहाने भी राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में यात्रा में सबसे बड़ी दिक्कत सड़कों की आई।

सभी को इंदौर के अतिरिक्त अन्य सभी स्थानों पर चलने में बहुत परेशानी हुई। उन्होंने प्रमुख तौर पर बुरहानपुर, खंडवा और खरगोन की सड़कों को लेकर राज्य सरकार पर कटाक्ष किए। ये यात्रा पिछली 23 तारीख को बुरहानपुर जिले से मध्यप्रदेश की सीमा में दाखिल हुई थी। यात्रा का आज प्रदेश में नौंवां दिन है। यात्रा के दौरान श्री गांधी ने खंडवा जिले के ओंकारेश्वर और उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन किए हैं। 

Leave a Reply