निगम में सरकार बनने पर कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाएगा: सिसोदिया

नयी दिल्ली। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली नगर निगम में उनकी सरकार में सफाई कर्मचारियों को हर महीने समय पर वेतन दिया जायेगा और सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जायेगा।  सिसोदिया ने गोकलपुर,रोहतास नगर और शहादरा विधानसभा के काई वार्डों में आयोजित नुक्कड़ सभाओं में लोगों से संवाद कर लोगों की समस्याओं को जाना।

उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि इस बार अपने वार्ड में केजरीवाल का पार्षद चुनें। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि एमसीडी चुनावों में अब मात्र छह दिन बाकी है।

इसलिए लोग अब अगले छह दिन अपने वार्ड के घर-घर में जाये और लोगों को जागरूक करें कि यदि भाजपा या कांग्रेस का पार्षद आया तो अगले पांच साल सिर्फ लड़ाई-झगडे करेगा और जनता का काम रुकवाएगा। दिल्ली की बेहतरी और एमसीडी में भी अपने सारे काम करवाने के लिए अरविन्द केजरीवाल का पार्षद ही चुनें।

सिसोदिया ने कहा कि भाजपा से दिल्ली का कूड़ा साफ नहीं किया गया और इन्होने पूरी दिल्ली को कूड़ा-घर बना दिया। इतना ही नहीं भाजपा महीनों-महीनों तक सफाई-कर्मचारियों का वेतन नहीं देती है। जो सफाई कर्मचारी रिटायर्ड हो चुके है उनको पिछले पैसे तक नहीं मिले हैं।

उन्होंने कहा कि एमसीडी में केजरीवाल की सरकार आते ही सफाई कर्मचारियों को इन सभी समस्याओं से छुटकारा मिलेगा। सफाई कर्मचारियों को हर महीने समय पर वेतन दिया जायेगा और सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जायेगा।

सिसोदिया ने कहा कि भाजपा बच्चों को अनपढ़ रखना चाहती है। इन्हें गरीब बच्चों की पढ़ाई से परेशानी है इसलिए इनसे दिल्ली नगर निगम के स्कूल ठीक नहीं करवाए गए और आज एमसीडी के स्कूलों का हाल बदहाल हो चुका है।

उन्होंने कहा कि भाजपा से स्कूल तो ठीक किए नहीं गए उसके उलट गोकलपुरी वार्ड में उन्होंने स्कूल की दीवार के बाहर डपिंग यार्ड बना रखा है और उधर से गुजरने वाले बच्चों व हर नागरिक का जीवन नरक कर रखा है।

उन्होंने कहा कि लोगों के मन में आम आदमी पार्टी के प्रति इस प्यार और भाजपा के कुशासन के प्रति उबलते गुस्से को देखकर मुझे विश्वास हो गया है कि अबकी बार एमसीडी में भी केजरीवाल कि सरकार आ रही है और भाजपा का सूपड़ा साफ होने वाला है।

Leave a Reply