After Header-1

सीएम आवास के सर्वेंट क्वार्टर में युवती की आत्महत्या का मामला गरमाया

देहरादून । महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा मुख्यमंत्री आवास के सर्वेन्ट क्वार्टर में युवती की आत्महत्या प्रकरण के विरोध में महानगर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. जसविन्दर सिंह गोगी के नेतृत्व में प्रदर्शन के साथ धामी सरकार का पुतला दहन किया। इस कार्यक्रम में बडी संख्या में महानगर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिरकत की।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत महानगर कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश कार्यालय में एकत्र हुए जहां से उन्होंने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी के साथ प्रदर्शन करते हुए ऐस्लेहॉल चैक पर केन्द्र की मोदी सरकार के पुतले को आग के हवाले किया।
महानगर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. जसविन्दर सिह गोगी ने कहा कि भाजपा के राज में महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि चाहे अंकिता भण्डारी हत्याकाण्ड हो या मुख्यमंत्री आवास के सर्वेन्ट क्वार्टर में युवती की आत्महत्या का मामला इनसे ऐसा प्रतीत होता है कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओं का झूठा नारा देने वाली भाजपा की प्रदेश में महिलाएं सबसे अधिक असुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार गम्भीर चिन्ता का विषय है जिसकी जितनी निन्दा की जाय कम है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में जितनी जोर-शोर से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओं का नारा बुलंद किया जा रहा है उसी गति से महिलाओं के प्रति अपराध बढ़ रहे हैं तथा आज स्थिति यह है कि भाजपा शासित किसी भी प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं।
महानगर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि जिस प्रकार अंकिता भण्डारी हत्याकाण्ड में राज्य पुलिस द्वारा लीपापोती की जा रही है उसी प्रकार मुख्यमंत्री आवास सर्वेन्ट क्वार्टर में युवती की आत्महत्या के मामले में भी लीपापोती की आशंका है जिसके चलते कांग्रेस पार्टी को राज्य पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं है। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराये जाने की मांग की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.