After Header-1

भाजपा जिलाध्यक्ष की कुर्सी पर अभी भी संशय बरकरार

अल्मोड़ा। भाजपा संगठन में जिला कार्यकारिणी में बदलाव की चर्चाएं इन दिनों खूब जोर पकड़ रही है। सबसे ज्यादा चर्चा जिलाध्यक्ष की कुर्सी को लेकर हो रही है।

करीब एक माह पहले से अल्मोड़ा में तीन नामों पर सबसे ज्यादा कयास लगाए जा रहे। बदलती परिस्थितियों के बीच आखिरकार भाजपा में क्षेत्रगत एवं जातिगत समीकरणों के हिसाब से जिला अध्यक्ष की कुर्सी के लिए कौन सा चेहरा फिट होगा यह सवाल शीर्ष नेतृत्व की पेशानी पर जोर डाल रहा है।

सोमेश्वर विस से महेश नयाल के साथ जागेश्वर विस क्षेत्र से दो नाम रमेश बहुगुणा, प्रकाश भट्ट का नाम खूब सुर्खियां बटोर रहा है। इसी तरह रानीखेत में भी जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी किस को दी जाएगी। इसको लेकर कई कयास लग रहे हैं।

बदले समीकरणों के बीच जिला अध्यक्ष की ताजपोशी में मंत्री, विधायक और पूर्व विधायक की साख से जोड़कर देखा जा रहा है। अध्यक्ष की कुर्सी के लिए खेमों में बंटी भाजपा आखिर किसको जिलाध्यक्ष बनाती है, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा। जिले में भाजपा संगठन के लिहाज से दो जिले हैं, अल्मोड़ा और रानीखेत। इसमें जिला अध्यक्ष पद के लिए दोनों जिलों से 12 से अधिक की दावेदारी जताई जा रही है।
जिलाध्यक्ष पद की ताजपोशी को लेकर पर्यवेक्षक भी जिले में आ चुके हैं। अध्यक्ष के चयन को लेकर बात अब क्षेत्रगत एवं जातीय समीकरणों को साधने के साथ ही जिले में गुटबाजी की तेज होती चर्चाओं पर लगाम लगाने की चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है।

भाजपा पदाधिकारियों का कहना है सभी दावेदार मजबूत हैं। किसी को भी संगठन जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जा सकती है। इसमें से महामंत्री भी बनाये जा सकते हैं।

चर्चा है कि जिला अध्यक्ष पद पर कुछ पूर्व विधायक, युवा नेता और अन्य वरिष्ठ नेता विधानसभा चुनाव में बनाई अपनी जुगलबंदी एक बार फिर से साधते हुए अपने करीबी को जिला अध्यक्ष बनाना चाहते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.