After Header-1

अमेरिका के सैन्य अधिकारी और डाक्टर पत्नी पर जासूसी का आरोप

वाशिंगटन। अमेरिकी सेना ने अपने ही एक अधिकारी तथा उसकी डाक्टर पत्नी पर रूस के लिए जासूसी करने का आरोप लगाया है। इस आरोप के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मेजर जेमी ली हेनरी इस सेना के प्रथम ट्रांसजेंडर अधिकारी हैं। उनकी पत्नी अन्ना गैब्रिलियन भी एक डाक्टर है।

दोनों के बारे में कहा गया है कि यह दोनों पहले से जॉन हॉपकिंस स्कूल आफ मेडिसीन में काम करते थे। मेजर हेनरी ने बाद में फोर्ट ब्राग में जिम्मेदारी संभाली थी। इन दोनों ने दोनों संस्थानों से गुप्त मेडिकल रिपोर्ट निकालकर किसी व्यक्ति को दिये हैं।

समझा जाता है कि यह तीसरा व्यक्ति दरअसल रूस के लिए जासूसी का काम किया करता था। इस क्रम में वे दोनों एक छद्मवेशी एफबीआई एजेंट के संपर्क में आये थे। वहां पर भी इनलोगों ने गोपनीय दस्तावेज देने पर सहमति जतायी थी।

इस एफबीआई एजेंट के साथ एक होटल के कमरे में मुलाकात के दौरान इस दंपति ने रूस के लिए काम करने की बात दोहरायी थी। इस बात चीत में हेनरी ने यहां तक कहा था कि वह रूसी सेना में योगदान भी करना चाहता है। यूक्रेन के साथ रूस का युद्ध जारी होने के बीच ही यह मुलाकात अगस्त के महीने में हुई थी।

हेनरी ने यह भी बताया था कि वह किसी माध्यम से रूसी सेना के संपर्क में भी आया था लेकिन युद्ध का अनुभव नहीं होने की वजह से उसे वहां नौकरी नहीं मिली थी। यूक्रेन में जो कुछ चल रहा है, उसमें यह दोनों रूसी दावा के कट्टर समर्थक थे और यूक्रेन की मदद कर रहे अमेरिका के आचरण को गलत मानते थे।

दोनों का मानना था कि दरअसल यूक्रेन में अमेरिका ही एक छद्म युद्ध लड़ रहा है। अमेरिकी सेना के गोपनीय स्वास्थ्य संबंधी रिकार्ड कथित रूसी एजेंट को सौंपने की वजह से ही उन्हें रूस के लिए जासूसी करने तथा गोपनीय रिकार्ड बाहर किसी तीसरे व्यक्ति को देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। समझा जाता है कि आरोप प्रमाणित होने की स्थिति में दोनों को पांच साल से लेकर दस साल तक की सजा हो सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.