कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के लिए मतदान का कार्यक्रम संपन्न

बेल्लारी (कर्नाटक): कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने  कर्नाटक के संगनाकल्लू में भारत जोड़ो यात्रा शिविर में पार्टी अध्यक्ष चुनाव के लिए मतदान किया जबकि पार्टी अध्यक्ष पद के उम्मीदवार एवं वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने बेंगलुरु में अपना वोट डाला।

पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने मतदान को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी हैं। इससे पहले उन्होंने कहा था कि कांग्रेस एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो पार्टी अध्यक्ष के पद के लिए चुनाव कराती है और  मधुसूदन मिस्त्री ने पूर्व चुनाव आयुक्त टी.एन. शेषन निर्वाचन कराने की योग्यता है।

रमेश ने कहा कि कांग्रेस के 137 साल पुराने इतिहास में यह छठा मौका है, जब पार्टी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराया जा रहा है। वहीं, कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार ने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। यहां 490 लोग मतदान कर रहे हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मतदान पूर्वाह्न 10 बजे शुरू हुआ और शाम चार बजे तक मतदान होगा। इस चुनाव में वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे तथा वरिष्ठ नेता शशि थरूर आमने-सामने हैं। नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित होंगे।
दिल्ली के कांग्रेस मुख्यालय में भारी गहमागहमी के बीच सोनिया गांधी और डॉ मनमोहन सिंह ने अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए वोट डाला। उधर जयपुर में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासर सहित अन्य कांग्रेसियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदान के लिए कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में बनाए गए बूथ पर मतदान सुबह दस बजे शुरू हुआ और अपराह्न तीन बजे तक अस्सी प्रतिशत से अधिक मतदान हो चुका था। पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने अपना मत नई दिल्ली में बनाये गये मतदान बूथ पर डाला।

इस दौरान बाड़मेर जिले के बालोतरा विधायक मदन प्रजापत नंगे पांव ही मतदान करने पहुंचे। उल्लेखनीय है कि  प्रजापत ने बालोतरा को जिला बनाने तक जूते चप्पल नहीं पहनने का संकल्प ले रखा है और वह अपनी मांग को लेकर गत फरवरी से नंगे पैर चल रहे हैं।
भोपाल में प्रदेश मुख्यालय में मतदान हुआ, जिसमें मध्यप्रदेश के कुल 502 मतों में से 464 मत डाले गए हैं। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय की ओर से मुहैया करायी गयी जानकारी के अनुसार प्रदेश में कुल 502 मतों में से 464 मत डाले गए हैं, जबकि 26 अनुपस्थित रहे तथा 12 वोट बाहर से डाले गए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए आज चुनाव हो रहे हैं और मतदान शाम 4 बजे तक हुआ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.