रूस ने मेटा यानी फेसबुक को आतंकी संगठन घोषित किया

मास्को।रूस ने यूक्रेन का युद्ध जारी रहने के बीच ही मेटा को आतंकी संगठन घोषित कर दिया है। सोशल मीडिया में फेसबुक के नाम से लोकप्रियता हासिल करने वाले इस प्लेटफॉर्म ने अपना नाम बदलकर मेटा कर लिया है। इसी को रूस में आतंकवादियों की मदद करने वाला संगठन बताया गया है। दरअसल यूक्रेन युद्ध के दौरान फेसबुक की भूमिका से रूस नाराज है।

इसी वजह से ब्लादिमीर पुतिन के निर्देश पर यह फैसला लिया गया है। यूक्रेन के युद्ध में रूस के खिलाफ कार्रवाई करने के आरोप में पहले ही इंस्टाग्राम और ट्विटर पर वहां रोक लगा दी गयी थी। अब मार्क जुकरबर्ग का सोशल मीडिया प्लेटफार्म भी इसी श्रेणी में रखा गया है।

रूस का आरोप है कि वह रूस विरोधी गतिविधियों में शामिल है। दुनिया में रूस के खिलाफ माहौल बनाने के लिए मेटा यानी फेसबुक ने अपने प्लेटफार्म का नाजायज इस्तेमाल किया है, ऐसा आरोप है। रूस में यह एलान कर दिया गया है कि इस सोशल मीडिया प्लेटफार्म के साथ आर्थिक गतिविधियों में लिप्त पाये जाने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दूसरी तरफ मेटा की तरफ से इस आरोप को गलत बताया गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के साथ रूस का मतभेद यूक्रेन का युद्ध प्रारंभ होने के बाद ही प्रारंभ हो गया था। रूस के भीतर भी पुतिन के खिलाफ माहौल बनाने के लिए अनेक ऐसे वीडियो और सूचनाएं पोस्ट की गयी थी, जिससे ऐसा लगे कि रूस के अंदर भी यूक्रेन युद्ध को लेकर भारी विरोध है।
इस बीच ट्विटर पर पहले से लगे प्रतिबंध के बीच ही एलन मस्क ने इस बात का खंडन किया है कि उनकी रूस के राष्ट्रपति से इस बारे में कोई चर्चा हुई है। कई प्लेटफार्मों पर यूक्रेन का समर्थन करने तथा इस युद्ध के लिए यूक्रेन के लिए धन जुटाने की अपील करने वाली वेबसाइटों को भी रूस में अब प्रतिबंधित कर दिया गया है।

इस उठा पटक के बीच एलन मस्क ने यह आरोप लगाया है कि ट्विटर के लोग अपने फर्जी एकाउंटों के साक्ष्य नष्ट कर रहे हैं। उन्होंने ट्विटर के प्रमुख पराग अग्रवाल तथा दूसरे वरीय अधिकारियों पर यह आरोप लगाया है। मस्क के मुताबिक इस फजीर्वाड़ा को उजागर करने वाले पीटर जाटोक को यह निर्देश दिया गया था।

ट्विटर के पूर्व सुरक्षा अधिकारी रहे जाटोक को अपने दस नोटबुक और एक सौ कंप्यूटरों में दर्ज आंकड़ों को नष्ट करने का कहा गया था, ऐसा एलन मस्क का आरोप है। एलन मस्क ने पहले ही यह कहा था कि ट्विटर अपने ग्राहकों की संख्या के बारे में गलत तथ्य दे रहा है। इन एकाउंटों में से अनेक खाता फर्जी हैं।

Leave a Reply