साबरमती आश्रम से खड़गे ने की चुनाव प्रचार की शुरुआत

नयी दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुजरात के अहमदाबाद में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रसिद्ध साबरमती आश्रम में बापू को नमन करते हुए  अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत की।

खड़गे कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन वापस लेने की आखिरी तिथि से एक दिन पहले साबरमती आश्रम गये और गांधी जी को श्रद्धासुमन अर्पित कर चुनाव प्रचार की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया को अपनाते हुए चुनाव करवा रही है, जबकि दूसरे राजीनतिक दल इस तरह की प्रक्रिया से भागते हैं और मनमाने तरीके से अध्यक्ष का चुनाव कराते हैं।

यह पूछने पर कि कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर वह किस तरह से निपटेंगे, उन्होंने कहा कि पहले चुनाव जीत लूं उसके बाद इस तरह की समस्याओं के समाधान के लिए काम करना शुरु करुंगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश को सर्वोपरि समझा है और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने देश के लिए कुर्बानी दी है।

उनका कहना था कि कांग्रेस में रिमोट कंट्रोल से काम नहीं होता बल्कि लोकतांत्रिक तरीके से यहां काम होता है।उनके खिलाफ शशि थरूर मैदान में हैं जो अब बदले समीकरणों में कमजोर प्रत्याशी समझे जा रहे हैं क्योंकि कांग्रेस के नाराज गुट के अधिकांश नेता भी खड़गे के समर्थन में है। वैसे चर्चा है कि श्री थरूर को भी विभिन्न माध्यमों से अपना नामांकन वापस लेने के लिए मनाया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.