After Header-1

दुर्गा पंडाल में लगी आग, दर्जन भर श्रद्धालु झुलसे

भदोही। उत्तर प्रदेश में भदोही के औराई तहसील में नवरात्रि के दौरान सजे एक दुर्गा पंडाल में रविवार को रात के समय हुए भीषण अग्निकांड में दर्जन भर से अधिक लोग झुलस गये।

भदोही के पुलिस अधीक्षक डा अनिल कुमार ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि औराई थाने के बिल्कुल समीप नरथुआ में बिजली का शॉर्ट सर्किट होने से रात में लगभग नौ बजे दुर्गा पंडाल में आग लग गयी।

उन्होंने बताया कि आरती के समय जब यह हादसा हुआ तब पंडाल में काफी अधिक संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। आग में 10 से 15 लोगों के झुलसने की सूचना मिली है। डा कुमार ने बताया कि घायलों को यहां स्थित सूर्या ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारण मची अफरा तफरी के बीच घटनास्थल पर स्थिति को सामान्य बनाने के लिये भारी पुलिसबल तैनात किया गया है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाकर समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। योगी ने जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाकर राहत कार्य को युद्धस्तर पर कराने को कहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.