महात्मा गांधी के देश में हिंसा का कोई स्थान नहींः गहलोत

जयपुर । राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने महात्मा गांधी के विचार आज सारे विश्व के लिए प्रासंगिक बताते हुए कहा है कि गांधीजी के देश में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। गहलोत गांधी जयन्ती के अवसर पर आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा तथा गांधी सद्भावना सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने अपने विचारों और जीवनशैली से संसार को सत्य और अहिंसा का संदेश दिया। उनकी अहिंसावादी विचारधारा ने देश के स्वतंत्रता आंदोलन को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज सारा विश्व हिंसा व अशांति से जूझ रहा है।

ऐसे समय में मात्र गांधीवादी सोच ही विश्व को शांति और अहिंसा की ओर अग्रसर कर सकती है। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरूआत दक्षिण अफ्रीका से की जहां उन्होंने सरकार की रंगभेद की नीति को समाप्त करने के लिए सत्याग्रह किया।

गांधी जी के द्वारा लिखी गई उनकी आत्मकथा ‘सत्य के प्रयोग’ सत्य और अहिंसा के दर्शन पर आधारित एक अद्वितीय रचना है। आज की युवा पीढ़ी को इसे जरूर पढ़ना चाहिए। इसके अध्ययन से युवा पीढ़ी में गांधीवादी सोच विकसित हो सकेगी। उन्होंने कहा कि गांधी जी के द्वारा देश में सुदृढ़ की गई अहिंसावादी विचारधारा के कारण आज भारत का पूरे विश्व में सम्मान है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.