चुनाव को लेकर प्रदेश प्रभारियों के साथ नड्डा ने की संगठन की तैयारियों पर चर्चा

नई दिल्ली। भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सभी प्रदेशों के प्रभारियों के साथ चुनावी तैयारियों को लेकर बड़ी बैठक कर रहे हैं। बैठक में प्रदेशों के सह प्रभारी भी मौजूद हैं।

इस बैठक में आगामी चुनावों के मद्देनजर संगठन की तैयारियों के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में देश भर में ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों एवं कार्यक्रमों की भी समीक्षा की जाएगी।

बैठक में संगठनात्मक ध्ष्टिकोण से पार्टी संगठन के कामकाज की समीक्षा के साथ-साथ भविष्य की रणनीति को लेकर भी चर्चा की जाएगी। बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान नड्डा खासतौर से लोक सभा प्रवास योजना की भी समीक्षा करेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बी एल संतोष के अलावा गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपानी, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लव देव, पार्टी राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग एवं विनोद तावड़े, पूर्व केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा, ओम माथुर, लक्ष्मी कांत वाजपेयी, विनोद सोनकर, संबित पात्रा, हरीश द्विवेदी, नितिन नवीन और ऋतुराज सिन्हा सहित तमाम राज्यों के प्रभारी बैठक में मौजूद हैं।

आपको बता दें कि, भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने इसी महीने नौ सितंबर को विभिन्न राज्यों के प्रभारियों में बड़ा फेरबदल करते हुए कई पूर्व मुख्यमंत्रियों और पार्टी के दिग्गज नेताओं को विभिन्न राज्यों का प्रभारी बनाया था। प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नई नियुक्ति के बाद मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में चल रही यह बैठक पहली बड़ी बैठक है जिसमें आगामी चुनावों के मद्देनजर संगठन की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा होनी है।

Leave a Reply