21 लाख किसानों को पाया गया अपात्र

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 12वीं किश्त इस महीने के अंत में जारी होने की  जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना में शामिल किसानों का सत्यापन कराने पर 21 लाख किसानों को अपात्र पाया गया है।

शाही ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि सरकार के कृषि एवं राजस्व विभाग में  इस योजना में शामिल किसानों के पात्र होने की सत्यापन प्रक्रिया पिछले तीन महीनों से चल रही है। इसमें अब तक 1.65 करोड़ किसानों के भूलेख का सत्यापन कर लिया गया है। इस प्रक्रिया में पात्र किसानों काे चिन्हित किया गया। इसमें 21 लाख किसान अपात्र पाये गये हैं। अपात्र पाये गये किसानों को जारी की गयी धनराशि की वसूली की जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 12वीं किश्त इस महीने के अंत तक जारी कर दी जायेगी। शाही ने कहा कि उन्हीं किसानों को सम्मान निधि दी जायेगी, जिनके भूलेख सत्यापित हो चुके हैं। इस दिशा में युद्धस्तर पर कार्य जारी है। सत्यापित किये जा चुके किसानों का विवरण 09 सितंबर तक विभाग के पोर्टल पर अपलोड हो जायेगा। इसके मद्देनजर शाही ने किसानों से अपने भूलेखों का सत्यापन अगले 3 दिन में करवा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों के नाम सूची में शामिल होने से छूट जायेंगे, उनके भूलेख सत्यापन एवं अंकन का काम दूसरे चरण में इसी सितंबर माह में पूरा किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों की तरक्की को देश से बाहर विश्वफलक पर पहुंचाने की दिशा में आगे बढ़कर स्वीडन में खाद्य प्रसंस्करण व कृषि क्षेत्र में निवेश को लेकर कृषि विभाग ने एक प्रस्ताव भेजा है। इसमें पशुपालन, गन्ना विकास, मत्स्य एवं जलशक्ति आदि विभागों के प्रस्ताव शामिल हैं।

Leave a Reply