गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा डायमंड लीग में पहले स्थान पर 

लुसाने। टोक्यो ओलंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने चोट के बाद शानदार वापसी करते हुए लुसाने डायमंड लीग में शुक्रवार को 89.08 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ जैवलिन-थ्रो प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया। नीरज इस थ्रो के साथ डायमंड लीग का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बने।

साथ ही उन्होंने डायमंड लीग फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है, जो सात और आठ सितंबर को ज्यूरिख, स्विटजरलैंड में होगी। वह अब 2023 विश्व चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर चुके हैं। नीरज का पहला थ्रो ही उनका सर्वश्रेष्ठ प्रयास था। इसके बाद उन्होंने दूसरे प्रयास में 85.18 मीटर की दूरी पर भाला फेंका, जबकि तीसरा प्रयास उन्होंने नहीं किया।

चौथे प्रयास में फाउल करने के बाद नीरज ने पांचवां प्रयास भी छोड़ा और फिर छठे प्रयास में 80.04 मीटर के थ्रो के साथ मुकाबला समाप्त किया। चेक गणराज्य के जेकब वालेज ने 85.88 मीटर फेंककर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि अमेरिका के कर्टिस थॉम्पसन ने 83.72 मीटर फेंककर तीसरा स्थान हासिल किया।

अमेरिका के ओरेगॉन में इस साल विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने के बाद नीरज की यह पहली प्रतियोगिता थी। विश्व चैंपियनशिप में कमर में चोट लगने के बाद वह राष्ट्रमंडल खेल 2022 में हिस्सा नहीं ले सके थे। नीरज का 89.08 मीटर का प्रयास उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो भी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.