श्री टपकेश्वर मंदिर में आया पानी, लोहे का पुल बहा

देहरादून। दून में भारी बारिश से नदी नाले पूरे उफान पर है। भारी बारिश से श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर के शिवलिंग तक पानी आने से जलभराव हो गया। इससे काफी नुकसान पहुंचा है। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
दून में बीती रात से तेज बारिश हो रही थी। बारिश से नदी का जल स्तर बढ़ गया। शनिवार की प्रात: बारिश से तमसा नदी उफान पर आ गयी। मंदिर के पास बहने वाली तमसा (टोंस) नदी ने विकराल रुप धारण किया है। बारिश का पानी श्री टपकेश्वर मंदिर के शिवलिंग तक आ गया। जिससे मंदिर में चारों ओर जल भराव हो गया।

नदी में पानी बढ़ने से श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर व माता वैष्णो गुफा योग मंदिर मार्ग पर रेलिंग पानी के बहाव में बह गयी। यहां पर बना सीमेंट का पुल क्षतिग्रस्त हो गया।

साथ ही संतोषी माता मंदिर को जोड़ने वाला लोहे का पुल बह गया है। श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत कृष्ण गिरी महाराज ने बताया कि तमसा नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया। कई वर्षों के बाद नदी विकराल रूप में आई। पानी भोलेनाथ को स्नान कराकर गयी।

उसके बाद पानी का जलस्तर कम हो गया। भोलेनाथ की कृपा से आश्रम के सभी लोग सुरक्षित हैं।
माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर के संस्थापक आचार्य विपिन जोशी ने बताया कि माता वैष्णो देवी की कृपा से कोई जनहानि नहीं हुई है। लेकिन काफी नुकसान हुआ है।

मंदिर के सेवादारों ने रास्तों की साफ सफाई कर भक्तों के लिए मार्ग को खोल दिया गया है। सुरक्षा के लिए अस्थाई प्रबंध कर दिए गए है।

Leave a Reply