विष्णु अरोड़ा की अग्रिम जमानत याचिका हुई निष्फल

नैनीताल। हरिद्वार के खन्नानगर के बहुचर्चित गोली कांड के आरोपी भाजपा नेता विष्णु अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद अग्रिम जमानत याचिका निष्फल हो गयी है।

भाजपा नेता विष्णु अरोड़ा तथा उसके साथियों पर हरिद्वार के खन्ना नगर में गोलीबारी करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद मुख्य आरोपी विष्णु अरोड़ा के खिलाफ तीन अभियोग दर्ज हो गये थे। आरोपी फरार हो गये थे।

हरिद्वार पुलिस ने अरोड़ा के अलावा अन्य आरोपियों के खिलाफ 10-10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया था। साथ ही अदालत से गैर जमानती वारंट भी प्राप्त कर लिया था। इसी बीच अरोड़ा अग्रिम जमानत के लिये उच्च न्यायालय पहुंच गया।

आज अग्रिम जमानत के मामले में न्यायमूर्ति रवीन्द्र मैठाणी की पीठ में सुनवाई होनी थी, लेकिन पुलिस ने आरोपी को अंबाला से गिरफ्तार कर लिया। आज सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

इससे आरोपी को राहत नहीं मिल पायी और अग्रिम जमानत याचिका निष्फल रही। आरोप है कि विगत 6 अगस्त को भाजपा के दो गुटों के बीच उत्पन्न विवाद के बाद एक गुट ने भाजपा नेता दीपक टंडन के घर पर गोलीबारी कर दी थी। यह भी आरोप है कि कई राउंड गोली चलायी गयी। आरोपियों के पास तमंचे व लाठीडंड के अलावा नंगी तलवारें भी थीं।

Leave a Reply