After Header-1

रेलवे यात्री सुविधा कमेटी के चेयरमैन ने किया निरीक्षण,कई खामियां मिली

ऋषिकेश । केंद्र सरकार की रेलवे यात्री सुविधा कमेटी के चेयरमैन पीके कृष्णदास ने 13 सदस्यों के साथ योग नगरी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने प्लेटफार्म पर यात्री सुविधाओं में खामियां मिलने पर नाराजगी जतायी।

मौके पर मौजूद अधिकारियों को कमियों को जल्द सुधारने के निर्देश दिए। गुरुवार हरिद्वार बाईपास मार्ग स्थित योग नगरी रेलवे स्टेशन पर 13 सदस्यीय दल के साथ पहुंचे रेलवे यात्री सुविधा कमेटी के चेयरमैन पीके कृष्णदास ने प्लेटफार्म नंबर एक, दो और तीन में यात्री सुविधाओं को लेकर स्थलीय निरीक्षण किया।

प्लेटफार्म पर यात्रियों के बैठने के लिए स्थापित कुर्सी वाले स्थान की जगह से सीलिंग फैन दूर लगाए जाने और प्याऊ पर लगी टोटियों से पानी के रिसाव पर चेयरमैन खफा नजर आए। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों से प्लेटफार्म पर व्याप्त कमियों को शीघ्र सुधारने के निर्देश दिए।

बताया कि कमेटी के सदस्यों द्वारा देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार में निरीक्षण करने के बाद सभी अधिकारियों की बैठक में विशेष रूप से यात्री सुविधाओं पर चर्चा की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान समिति सदस्य निर्मला किशोर बोलिना, भजनलाल शर्मा, राजेंद्र सिंह सरन, अशोक कुमार शुक्ला, ऋचा पांडेय मिश्रा, डा. राजेंद्र अशोक फडके, गुटाला उमा रानी, अभिजीत दास, मधुसूदन, गीता ठाकुर, के. रविचंद्रन, पुरुषोत्तम महतो, सुधीर कुमार सिंह, रेलवे स्टेशन अधीक्षक जीएस परिहार, आरपीएफ निरीक्षक अनिल कुमार, एसएसआई गायत्री आदि मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.