अब तक आधे ही पूरे हुए ऑल वैदर रोड के काम

ऑल वेदर रोड के 41 कार्य मंजूर हुए थे, अब तक 19 कार्य ही पूरे हो सके

पिथौरागढ़ से अस्कोट मोटर मार्ग भी ऑल वेदर परियोजना की तरह बनेगा

देहरादून। ऑल वेदर रोड का काम शुरू हुए करीब छह साल बीत चुके हैं लेकिन अबतक आधे ही काम पूरे हो सके हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग नितिन गडकरी ने उत्तराखंड की लाइफ लाइन कही जाने वाली ऑल वेदर रोड सड़क परियोजना के कार्यों में तत्काल तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

889 किलोमीटर लम्बी एवं लगभग 12 हजार करोड की लागत से बन रही चार धाम सडक परियोजना में मंत्रालय ने अब तक 53 कार्यों में से 41 कार्य मंजूर किए थे। अब तक 19 कार्य ही पूरे हो सके हैं। 2२ कार्यों में कार्य गतिमान है।

सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से भेंट की। केन्द्रीय मंत्री ने मंत्रालय एवं राज्य सरकार के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये गये कि ऑल वेदर सडक परियोजना का कार्य में किसी प्रकार की देरी उचित नहीं होगी तथा आम जनमानस के आवागमन इस मार्ग को शीघ्र पूर्ण किया जाएं।

पिथौरागढ़ से अस्कोट मोटर मार्ग (लगभग 47 किमी) भी ऑल वेदर परियोजना की तरह मंजूर किये जाने पर सहमति बनी। यह मार्ग बीआरओ द्वारा निर्मित किया जायेगा।इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री सेवानिवृत्त जनरल वीके सिंह, अवर सचिव अमित घोष, उत्तराखंड शासन में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु सहित केंद्रीय मंत्रालय और राज्य सरकार के अधिकारी उपस्थित थे।

एनएच के ऊपर नीचे निर्माण से होने वाले नुकसान की भरपाई करेगा केंद्र

राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण में अधिग्रहित भूमि से ऊपर व नीचे यदि मार्ग निर्माण से भवनों एवं अन्य संरचनाओं में क्षति होती है तो इस नुकसान की भरपाई की प्रतिपूर्ति भी भारत सरकार द्वारा किये जाने के लिये मुख्यमंत्री के अनुरोध पर केंद्रीय मंत्री द्वारा सहमति दी गई। इससे समस्त हिमालयी राज्यों को लाभ प्राप्त होगा।

 उच्च गुणवत्ता युक्त टनल मार्ग पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के सेमिनार होगी

बैठक में अप्रैल 223 में देहरादून में अंतरराष्ट्रीय स्तर के सेमिनार का आयोजन किये जाने पर भी सहमति प्रदान की गयी। उक्त सेमिनार में पर्वतीय क्षेत्रों के लिये उच्च गुणवत्तायुक्त टनल मार्गों का निर्माण किये जाने पर विषय विशेषज्ञों द्वारा विचार विमर्श होगा। इस सेमिनार में देश एवं विदेश के लगभग एक हजार लोग हिस्सा लेंगे।

नजीबाबाद- अफजलगढ़ बाय पास को मंजूरी

मुख्यमंत्री के अनुरोध पर कुमाऊं और गढ़वाल के मध्य दूरी एवं समय कम करने के लिए नजीबाबाद- अफजलगढ़ बाईपास (लम्बाई 42.5 किमी) को मंजूरी दी गयी। बाईपास बनने से कुमाऊं- गढ़वाल के बीच की दूरी 20 किमी कम हो जायेगी तथा आवागमन में 45 मिनट की बचत होगी।

मझोला से खटीमा चार लेन सड़क मार्ग को भी मंजूरी

बैठक में मझोला से खटीमा चार लेन सड़क मार्ग को भी मंजूरी दी गई। इस मार्ग के निर्माण से उत्तर प्रदेश के जनपद पीलीभीत एवं बरेली के लिए भारी वाहनों एवं आम जनमानस का आवागमन सुलभ एवं आरामदायक होगा।

इसके अतिरिक्त सितारगंज से टनकपुर मोटर मार्ग को भी चार लेन में परिवर्तित करने की मंजूरी मिली। मार्ग निर्माण से जनपद चम्पावत एवं पिथौरागढ़ आवागमन करने में काफी समय की बचत के साथ साथ मार्ग सुविधाजनक होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.