After Header-1

सोनिया के आवास पर भारी पुलिस बल तैनात ,ईडी ने सील किया यंग इंडियन कार्यालय  

नयी दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली स्थित हेराल्ड हाउस में यंग इंडियन कंपनी के कार्यालय को सील कर दिया। इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के यहां 10 जनपथ आवास पर पुलिस बंदोबस्त बढ़ा दिया गया है।

धन शोधन निवारक अधिनियम (पीएमएलए) के तहत आने वाले मामलों की जांच करने वाली ईडी ने बीते दो दिनों में नेशनल हेराल्ड के देश भर में विभिन्न ठिकानों पर तलाशी ली थी। इसके विरोध में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नयी दिल्ली में बहादुरशाह मार्ग स्थित हेराल्ड हाउस पर प्रदर्शन किया था।

इन प्रदर्शनों के बाद एजेंसी ने इस भवन में यंग इंडियन कंपनी के कार्यालय को अस्थाई रूप से सील कर दिया। नेशनल हेराल्ड और उसके अनुषंगी प्रकाशनों का स्वामित्व इसी कंपनी के अधीन है।

दस जनपथ पर शाम को पुलिस बंदोबस्त बढ़ाये जाने के कुछ ही देर में पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खडगे, सलमान खुर्शीद, दिग्विजय सिंह, पी चिदंबरम, अभिषेक मनु सिंघवी और कुछ अन्य वरिष्ठ नेता कांग्रेस के मुख्यालय 24, अकबर रोड पहुंच गये। कांग्रेस मुख्यालय श्रीमती गांधी के आवास से सटा हुआ है। हेराल्ड हाउस को सील करने के बाद ईडी ने हिदायत दी है कि उसकी अनुमति के बगैर यंग इंडियन के कार्यालय को नहीं खोला जा सकता है।

नेशनल हेराल्ड मनी लांड्रिंग मामले में श्रीमती गांधी और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से कई दौर की पूछताछ कर चुका है। यंग इंडियन कंपनी में श्रीमती गांधी के 38 प्रतिशत शेयर हैं और श्री गांधी के भी इसमें 38 फीसदी शेयर हैं। इस कंपनी के माध्यम से नेशनल हेराल्ड समाचार पत्र समूह का परिचालन करने वाली एसोसिएटेड जर्नल्स लि (एजेएल) का अधिग्रहण किया था। इस कंपनी के अन्य शेयर धारकों में कांग्रेस नेता मोती लाल बोरा और आस्कर फर्नाडीज भी थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.