तिरंगा यात्रा के बहाने केंद्र एवं राज्य सरकार की करनी बताएगी कांग्रेस

आजादी के आंदोलन की जानकारी देने के साथ ही महंगाई, पलायन, भ्रष्टाचार और तानाशाही पर करेगी जनता को जागरूक

हल्द्वानी । कांग्रेस ने भारत जोड़ों तिरंगा यात्रा के बहाने केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ लोगों को जागरूक करने का रोडमैप तैयार कर लिया है।

प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा एवं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने साफ कर दिया है कि इस यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता गांव में प्रवास करेंगे और लोगों को आजादी के आंदोलन में कांग्रेस के योगदान की जानकारी देंगे। यह यात्रा 9 अगस्त से शुरू होगी और 15 अगस्त तक चलेगी। हरेक जिले में 75 किमी तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।

यह जानकारी नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य एवं यात्रा प्रभारी गोविंद सिंह कुंजवाल ने सोमवार को एक बैठक के बाद दी। नेता द्वय ने कहा कि कांग्रेस की भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिले में 75 किमी पदयात्रा के रूप में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान सभी बड़े नेता गांव में प्रवास करेंगे और लोगों को आजादी के आंदोलन की जानकारी देंगे।
इस अवसर पर मीडिया के सवालों के जवाब में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने दावा किया कि भारत जोड़ों तिरंगा यात्रा से देश की जनता को राष्ट्रीय आजादी आंदोलन की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, भ्रष्टाचार और केंद्र एवं भाजपा शासित राज्य सरकारों की तानाशाही की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रा के लिए हरेक स्तर पर जिम्मेदारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अंग्रेज भारत छोड़ने की तर्ज पर इस यात्रा को पूरी धार दी जाएगी।
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि यात्रा मार्ग, यात्रा में शामिल होने वाले नेताओं और ब्लाक, नगर और जिला कांग्रेस कमेटियों की जिम्मेदारी तय की गई है। इस यात्रा में हरेक जिले में कोई न कोई राज्य स्तर का नेता हिस्सा लेगा।

उन्होंने कहा कि बैठक में यात्रा से जुड़ी सभी तैयारियों पर गहन मंथन के बाद सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। इससे पहले बैठक को पीसीसी प्रमुख करन माहरा समेत एक दर्जन से ज्यादा नेताओं ने संबोधित किया। सभी नेताओं ने एक स्वर से पार्टी को मजबूत बनाने के लिए यात्रा के महत्व पर प्रकाश डाला। इस मौके पर  हल्द्वानी स्थित स्वराज आश्रम में हो रही यात्रा की बैठक। कार्यकारी अध्यक्ष रणजीत सिंह रावत,भुवन कापड़ी विधायक सुमित हृदयेश समेत तमाम नेता मौजूद थे।

Leave a Reply