After Header-1

वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए चलाए पौधरोपण अभियान में तेज लाने की जरूरत

नयी दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से हरियाली बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे पौधरोपण अभियान को हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के जिलों में तेज करने की जरूरत है।

मंत्रालय की शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) द्वारा हरियाणा, उत्तरप्रदेश, राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर जिलों में पौधारोपण की प्रगति की समीक्षा के अनुसार अभियान में अब तक 54 प्रतिशत पौधरोपण का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है और करीब 1.82 करोड़ पौधे लगाए गए हैं।

उत्तर प्रदेश के एनसीआर में आने वाले जिलों में 81 प्रतिशत पौधे लगाए जा चुके हैं। एनसीआर हरियाणा, एनसीआर उत्तरप्रदेश, एनसीआर राजस्थान और एनसीटी दिल्ली ने क्रमश: 16.7 प्रतिशत, 81.3 प्रतिशत, 38.8 प्रतिशत और 23.9 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया है।

मंत्रालय ने कहा है कि एनसीआर राज्य हरियाणा और राजस्थान तथा एनसीटी दिल्ली को अपने प्रयासों में तेजी लाने की जरूरत है। आयोग इन राज्यों से अगस्त के शुरू में जुलाई अंत तक के काम की रिपोर्ट मांगी है।

विज्ञप्ति के अनुसार इन जिलों में वर्ष 2022-23 संशोधित लक्ष्य के तहत करीब 3.35 करोड़ पौधे लगाए जाने का अभियान चल रहा है और इसमें 20 जुलाई तक एक करोड़ 81 लाख 90 हजार 447 पौधे लागए जा चुके हैं। यह संशोधित लक्ष्य का 54 प्रतिशत से अधिक है।

विज्ञप्ति के अनुसार एनसीटी दिल्ली में इस दौरान 35,06,900 पौधारोपण लक्ष्य की तुलना में 8,38,416 पौधे, उत्तरप्रदेश के एनसीआर जिलों में 1,87,39,565 के लक्ष्य के मुकाबले 1,52,36,379 पौधे, हरियाणा (एनसीआर) ने 1,01,56,447 के लक्ष्य के मुकाबले 17,06,152 पौधे और राजस्थान के दो एनसीआर जिलों में 10,53,629 के लक्ष्य के मुकाबले 4,09,500 पौधे लगाए गए हैं।

बयान में कहा गया है कि अभियान में पीछे चल रहे राज्यों को निर्देश दिये गये हैं कि वे अपने-अपने लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए पौधारोपण की गति बढ़ायें तथा अगस्त की शुरुआत में अद्यतन प्रगति रिपोर्ट मांगी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.