After Header-1

बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी 

नयी दिल्ली। पीएम मोदी शनिवार को यूपी के बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने बुधवार को एक बयान में कहा कि यह कार्यक्रम जालौन जिले की उरई तहसील के कैथेरी गांव में पूर्वाह्न् लगभग 11:30 बजे आयोजित किया जाएगा।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा है कि सरकार देश भर में आने-जाने की सुविधाएं बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए प्रमुख रूप से सड़कों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में काम को प्राथमिकता दी जा रही है।

मोदी ने 29 फरवरी, 2020 को बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी थी। इस परियोजना का काम 28 महीने के भीतर पूरा कर लिया गया है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीएडा) के तत्वावधान में लगभग 14,850 करोड़ रुपये की लागत से 296 किलोमीटर, चार-लेन एक्सप्रेस-वे का निर्माण किया गया है।

इसे छह लेन तक भी विस्तारित किया जा सकता है। बुंदेलखंड एक्सप्रेस मार्ग चित्रकूट जिले में भरतकूप के पास गोंडा गांव में एनएच-35 से इटावा जिले के कुदरैल गांव तक फैला हुआ है, जहां यह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के साथ मिल जाता है। यह सात जिलों चित्रकूट, बांदा, महोबा, हमीरपुर, जालौन, औरैया और इटावा से होकर गुजरता है।

सरकार का कहना है कि इस क्षेत्र में सड़क सुविधाओं के सुधार से पिछड़े बुंदेलखंड क्षेत्र में आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और वहां के लोगों को रोजगार के नये अवसर प्राप्त होंगे। बयान के मुताबिक इस एक्सप्रेस-वे के साथ ही बांदा और जालौन जिलों में औद्योगिक कॉरिडोर बनाने का काम शुरू हो चुका है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.