केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और आरसीपी सिंह ने दिया इस्तीफा

नई दिल्ली। अल्पसंख्यक मामलों में केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और स्टील मंत्री आरसीपी सिंह ने  मोदी मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। मुख्तार अब्बास नकवी ने इस्तीफे किस वजह से दिया है, इसकी अभी तक जानकारी सामने नहीं आ पाई है। नकवी आज अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक में शामिल हुए।

इस बैठक में पीएम मोदी ने मंत्री के तौर पर नकवी के योगदान की तारीफ की। स्टील मंत्री आरसीपी सिंह के लिए भी आज कैबिनेट की आखिरी बैठक थी। मुख्तार अब्बास नकवी के इस्तीफे के कयास कई दिनों से लगाए जा रहे थे।

दरअसल, मुख्तार अब्बास नकवी का राज्यसभा का कार्यकाल 7 जुलाई को संपन्न हो रहा है। भाजपा ने उन्हें इस बार हुए राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार नहीं बनाया था। इसके बाद कयास लगाए गए कि हो सकता है कि मुख्तार अब्बास नकवी को रामपुर से उपचुनाव में मैदान में उतारा जाए। लेकिन वह भी नहीं हुआ। ऐसे में आज मुख्तार अब्बास नकवी ने अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। मंत्री पद पर बने रहने के लिए किसी सदन का सदस्य होना जरूरी है।

Leave a Reply