उत्तर प्रदेश में वन महोत्सव की शुरुआत, जौनपुर में लगाये गये 11 लाख पौधे

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में 11 लाख पौधों के रोपण से इस साल के वन महोत्सव की शुरुआत हो गयी। जिला वन अधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए एक से सात जुलाई तक वन महोत्सव चलाया जा रहा है। इस बार 53 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है।

इसमें 15 लाख 89 हजार पौधों को लगाने की जिम्मेदारी वन विभाग की होगी, शेष पौधे अन्य विभागों को लगाना है। उन्होंने कहा कि सात जुलाई तक 11 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। इसके लिए वन विभाग की ओर से 15 लाख 89 हजार गड्ढे खुदवाये गये हैं।

डीएफओ प्रवीण खरे ने बताया कि जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने अपने आवास पर महोगनी का वृक्ष लगाकर वन महोत्सव का शुभारंभ किया है। उन्होंने कहा कि विभाग के पास 22 लाख पौधे पिछले वर्ष के हैं जबकि 43 नर्सरियों में 56 लाख नए पौधों को तैयार किया गया है।

खरे ने बताया कि 15 अगस्त को भी अमृत महोत्सव के तहत बड़ी संख्या में पौधों को लगाने की तैयारी की गई है। मौजूदा सरकार पर्यावरण संरक्षण के प्रति काफी संजीदा है। यही वजह है कि हर वर्ष पौधारोपण के लिए लक्ष्य निर्धारित किया जा रहा है।

इसमें वन विभागों के साथ ही अन्य विभागों की जिम्मेदारी भी तय की जा रही है, जिससे धरा के संतुलन को बेहतर किया जा सके। उन्होंने कहा कि वृहद पौधारोपण के सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं। यही वजह है कि जिले में पांच वर्षों में वृक्ष आच्छादित क्षेत्रों में 17 फीसद इजाफा हुआ है। जो स्वस्थ पर्यावरण के लिए बेहतर है। फिलहाल छह सौ हेक्टेयर से अधिक वृक्ष आच्छादित क्षेत्र हैं।

Leave a Reply