After Header-1

गुवाहाटी : शिवसेना विद्रोही की बैठक, शिंदे ने कहा, बालासाहेब के विचारों को आगे ले जाने का काम कर रहे हैं

गुवाहाटी। गुवाहाटी के रेडिसन ब्लू होटल में शिवसेना के विद्रोही विधायकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आज हुई। नेता एकनाथ शिंदे ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में आगे की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक के बाद होटल के बाहर एकनाथ शिंदे ने पहली बार मीडिया को संबोधित किया। शिंदे ने कहा कि हम लोग शिवसेना और बालासाहेब ठाकरे के विचारों को आगे ले जाने का काम कर रहे हैं। मुंबई में बैठे कुछ लोग कह रहे हैं कि गुवाहाटी से 20 से 25 विधायक उनके संपर्क में हैं।

ये वो लोग हैं जो कपोल कल्पित दावा कर रहे हैं। शिंदे ने जोर देकर कहा कि ऐसे लोगों के दावे में जरा भी सच्चाई है तो वे आगे आएं और अपनी सूची जारी करें कि उनके संपर्क में कौन लोग हैं।

दूसरी ओर शिवसेना नेता अनिल देसाई ने दावा किया था कि गुवाहाटी में बैठे 20 से 25 विधायक उनके संपर्क में हैं। देसाई के बयान के बारे में शिंदे ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि हम सभी लोग एक साथ हैं और शिवसेना की भलाई के लिए डंटे हुए हैं।

इसी बीच महाराष्ट्र के मंत्री और शिवसेना के कद्दावर नेता उदय सावंत ने गुवाहाटी से वीडियो संदेश जारी किया है। सावंत ने वीडियो में कहा है कि कुछ दुष्ट प्रवृत्ति के लोग जो अपने आपको शिवसेना का सहयोगी कहते हैं, वो निरंतर रूप से पार्टी को कमजोर करने का कार्य कर रहे हैं।

उनके इन्हीं षड्यंत्रों से परेशान होकर मैंने (उदय सावंत) गुवाहाटी में आने का फैसला किया। उदय सांवत के इस वीडियो को ट्वीट कर शिंदे ने अपनी भावनाओं को स्पष्ट करने का प्रयास किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.