After Header-1

दुष्कर्म के अरोपियों ने की पीड़ित के दादा की हत्या, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में दुष्कर्म के एक मामले में समझौता न करने पर पीड़ित किशोरी के दादा की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि घटनास्थल पर मौजूद पीड़िता के दो चाचाओं ने दादा को बचाने की कोशिश की तो हमलावरों ने उन पर तमंचा तान दिया और गोली मारने की धमकी देकर भगा दिया। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ मीरगंज थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
बरेली के पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि चार आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

अग्रवाल ने बताया कि मीरगंज इलाके के एक गांव में रहने वाले पीड़िता के 55 वर्षीय दादा गुरुवार को दोपहर में दो बेटों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर दवा लेने निकले थे। गांव से निकलते ही बंद पड़े मेंथा प्लांट के पास दुष्कर्म के आरोपी सूरज पाल के परिवारीजन महेंद्र, राहुल, रामस्वरूप और भगवान दास ने उन्हें सामने आकर रोक लिया और कहा कि अभी मौका है अभियुक्त सूरजपाल के पक्ष में बयान दोगे कि नहीं। पीड़िता के दादा ने साफ कहा कि मरते दम तक बयान नहीं बदले जायेंगे।
इस पर लाठी, डंडे और तमंचे से लैस अभियुक्त के परिजनों ने दादा पर हमला बाेल दिया। उसके बेटों ने पिता को छुड़ाना चाहा तो हमलावरों ने उन पर तमंचे तान दिए और गोली मारने की धमकी दी। इस दौरान एक बेटे के साथ हमलावरों ने मारपीट भी की। इस पर दोनों वहां से भाग निकले। इसके बाद हमलावरों ने पीट-पीट कर पीड़िता के दादा की हत्या कर दी।गांव पहुंचे बेटों ने पिता के मारे जाने की सूचना दी। इस पर कुछ ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर पीड़िता के दादा का शव देख पुलिस को सूचना दी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.