After Header-1

युवक की गोली मारकर हत्या, सुनहेरा गांव में बाइक सवारों ने दिया घटना अंजाम

रुडक़ी। गैंगवार के चलते भगवानपुर थाना क्षेत्र के प्रेमराजपुर में रुडक़ी के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावर बाइकों पर सवार होकर मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हत्या की घटना को तीन दिन पहले मृतक पर दर्ज हुए हमले के बदले से जोडक़र देखा जा रहा है। पुलिस आरोपितों को चिह्नित कर उन्हें दबोचने के प्रयास में लगी हुई है। खबर लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हो पाया था।
भगवानपुर थाना क्षेत्र के प्रेमराजपुर निवासी गैंगस्टर दीपक सैनी का करौंदी निवासी रोहित राणा से वर्चस्व को लेकर विवाद चला आ रहा है। शुक्रवार दोपहर दो बजे गैंगस्टर दीपक सैनी का साथी कुणाल फौजी उर्फ बाबू निवासी सुनहरा रुडक़ी अपने कुछ साथियों के साथ खड़ा था।

इसी दौरान बाइकों पर सवार होकर करीब छह युवक प्रेमराजपुर चौक पर आए। बताया गया है कि आरोपितों ने आते ही बाबू और उसके साथियों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में बाबू के सिर पर धारदार हथियार से हमला किया गया। इस दौरान आरोपितों ने बाबू पर फायर झोंक दिया।

घटना के बाद आरोपित फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर सैकड़ों लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। इसी दौरान आनन-फानन में बाबू के दोस्त सनी त्यागी उसे लेकर रुडक़ी के एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने बाबू को मृतक घोषित कर दिया। बताया गया है कि मृतक बाबू के सिर में धारदार हथियार से चोट का गहरा निशान होने के साथ ही गोली का निशान भी मिला है। जिससे उसके सिर में गोली मारे जाने की आशंका है।
सूचना मिलते ही भगवानपुर व गंगनहर कोतवाली पुलिस निजी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाने के साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। बाबू की मौत की सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण सिविल अस्पताल पहुंचे।

भगवानपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि बीस जून को रुडक़ी गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में करौंदी निवासी सुरेश राणा को बंधक बनाकर दीपक सैनी ने हमला किया था। जिसमें सुरेश राणा पूरी तरह से घायल हो गया था।

इस मामले में गंगनहर कोतवाली में दीपक सैनी व मृतक बाबू समेत आठ आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। बाबू की हत्या को सुरेश राणा पर हुए हमले के बदले से जोडक़र देखा जा रहा है। भगवानपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि हत्या की वारदात में शामिल आरोपियों को चिन्हित कर उनकी धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.