शैल में हुई चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, लोन भरने के लिए 14 लाख की ज्वैलरी पर किया हाथ साफ

अल्मोड़ा । पुलिस ने बीते दिनों हुई चोरी का खुलासा कर दिया। चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय पेशी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया है। एसएसपी प्रदीप कुमार राय ने पुलिस टीम को पांच हजार के नगद इनाम देने की घोषणा की है।

एसएसपी प्रदीप कुमार राय ने बताया कि एसओजी द्वारा सतर्कता बरतते हुए संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित कर क्षेत्र में जानकारियां जुटा कर छानबीन शुरू की गई।

एसओजी व पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चोरी का शीघ्र खुलासे के लिए संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग शुरू की तो स्याली धार बैंड से पहले तलाड़बाड़ी जाने वाली कच्ची सड़क के पास से आरोपी कमलेश कांडपाल (25) पुत्र मोहन चन्द्र काण्पाल निवासी ग्राम दरमाट तहसील,अल्मोड़ाको गिरफ्तार किया।

आरोपी की तलाशी ली गई तो बैग से सोने-चांदी के आभूषण व एक कैमरा बरामद हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर युवक ने चोरी किया जाना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक चोरी किये सामान की कीमत 14 लाख रुपये है।

पुलिस की पूछताछ में युवक द्वारा बताया कि वह बोलेरो टैक्सी चलाता है। उस पर काफी लोन होने के कारण लोन भरने के लिए उसने चोरी की घटना को अंजाम दिया।

गौरतलब है कि नगर से लगे ग्राम शैल, एनटीडी निवासी राजेश कुमार नंदा आंचल दुग्ध संघ पाताल देवी में कार्यरत है जबकि उनकी पत्नी हवालबाग विकासखंड के एक सरकारी स्कूल में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत है। इसके अलावा राजेश कुमार की भतीजी नगर के निजी स्कूल में शिक्षिका है।

बीते सोमवार को सभी लोग ड्यूटी में गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी ने घर में किसी के न होने का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपित ने घर में रखी लाखों की ज्वैलरी पर हाथ साफ कर लिया। राजेश कुमार की भतीजी जब वापस घर लौटी तो घर का एक दरवाजा टूटा हुआ मिला।

जिसके बाद उन्होंने अलमारी की तलाशी ली तो लाखों के जेवरात चोरी पाई गई। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी एसओजी सुनील धानिक, प्रभारी चौकी एनटीडी बिशन लाल, एसओजी से एसआई सौरभ कुमार भारती, का. खुशाल राम, दिनेश नगरकोटी, राजेश भट्ट व संदीप सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.