कार्बेट पार्क में श्रमिक पर बाघ ने किया हमला, घायल

नैनीताल । कार्बेट पार्क में बाघ ने एक श्रमिक पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को काशीपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो दिन पहले भी ढिकाला जोन में बाघ ने ठेका कर्मी पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया था।

मिली जानकारी के अनुसार पाटकोट चोपड़ा निवासी बाबी चंद्र कार्बेट में दैनिक श्रमिक के रूप में काम करता है। आज सुबह वह अन्य कर्मियों के साथ ढिकाला जोन से मोटर साइकिल में सवार होकर वापस लौट रहा था।

अन्य लोग जिप्सी से लौट रहे थे जबकि बाबी मोटर साइकिल में जिप्सी के आगे चल रहा था। सर्पदुली रेंज के धनगढ़ी में बाघ ने चलती बाइक पर हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

इससे जिप्सी में बैठे लोगों में हड़कंप मच गया। बाघ उसे घसीट कर जंगल में ले जाने लगा लेकिन अन्य कर्मचारियों के शोर मचाने पर बाघ उसे गंभीर रूप से घायल कर गायब हो गया। उसे तत्काल रामनगर अस्पताल लाया गया।

बाद में उसे काशीपुर ले जाया गया। ढिकाला जोन में ही विगत बुधवार को बाघ ने कार्बेट पार्क में काम कर रहे ठेका कर्मी पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया था। बताया जाता है कि मृतक खलील भी तब मोटर साइकिल में सवार होकर जा रहा था।

Leave a Reply