कोरोना महामारी के 2 साल बाद कैंची मेला का आयोजन, सुबह से लगा भक्तों का तांता

नैनीताल: कोरोना महामारी के 2 साल बाद आज कैंची मेला का आयोजन हुआ। मेले में देसी विदेशी भक्तों का जनसैलाब उमड़ा हुआ है। बाबा नीम करौली महाराज को भोग लगाने के साथ कैंची मेल में सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हुआ।

सुबह चार बजे से ही लोग कैंची मेले को लेकर कैंची धाम पहुंचे। सुबह 10 बजे तक 25 हजार से अधिक लोग दर्शन कर चुके हैं।अल्मोड़ा मार्ग पर भवाली से आठ किमी दूर बने कैंची धाम में हर वर्ष 15 जून को प्रतिष्ठा दिवस मनाया जाता है। भक्तजनों के लिए प्रसाद के लिए मालपुए बनाए जाते हैं। भक्त सबसे पहले विंध्यवासिनी देवी के दर्शन करते हैं। देवी की स्थापना 15 जून 1973 को हुई थी। इसके बाद बजरंग बली, शिवजी और फिर वैष्णो देवी के दर्शन करने के बाद बाबा की प्रतिमा के आगे मत्था टेकते हैं। यहां वैष्णो देवी की स्थापना 15 जून 1974 को हुई थी।

भक्तों की आस्था है कि बाबा नीब करौरी महाराज स्वयं मंदिर में किसी न किसी रूप में मौजूद हैं। मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों की ओर से इस बार भी मेले की व्यापक तैयारियां की गईं हैं। ट्रस्ट के प्रबंधक विनोद जोशी के मुताबिक मेले में भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त द्वार बनाए गए हैं। साथ ही मेले के लिए पुलिस प्रशासन भी जुट गया है। उत्तराखंड परिवहन निगम मेले के लिए नैनीताल से विशेष बसें चला रहा है। मंदिर स्थल के बाहर पुलिस की ओर विशेष काउंटर लगाया गया है।

Leave a Reply