After Header-1

पश्चिम बंगाल : हावड़ा में स्थिति  सामान्य,  50 गिरफ्तार

हावड़ा।  पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के कुछ अशांत इलाकों में पुलिस गश्त के साथ समग्र स्थिति सामान्य हो रही, जबकि निषेधाज्ञा जारी रही और इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहीं।

नयी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक निलंबित नेता की टिप्पणी के खिलाफ प्रदर्शनकारियों ने पिछले दो दिनों में जिले के कुछ इलाकों में राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया और कुछ वाहनों और दुकानों में आग लगा दी। हावड़ा शहर के पुलिस आयुक्त प्रवीण त्रिपाठी ने संवाददाताओं को बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और दिन में किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है।

सी सुधाकर के स्थान पर शनिवार को कार्यभार संभालने वाले श्री त्रिपाठी ने कहा कि अब तक विभिन्न क्षेत्रों से 50 लोगों को अशांति फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने कहा कि हिंसा के संबंध में कई प्राथमिकी भी दर्ज की गई हैं। जिला प्रशासन ने शुक्रवार रात से धारा 144 आपराधिक दंड संहिता के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है और अशांत इलाकों में इंटरनेट सेवाएं निलंबित हैं।

उलुबेरिया और पंचला से हिंसक घटनाओं की सूचना मिली, जहां वाहनों और दुकानों को आग लगा दी गई। उपद्रवियों ने एक एटीएम काउंटर को भी लूटने की कोशिश की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.