पिकअप सड़क पर पलटा, दो की मौत, दो गंभीर

तीन लोग घायल, मृतकों सहित सभी लोग यूपी के रहने वाले

पिथौरागढ़। घाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में उप्र के मुरादाबाद निवासी दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।

जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस कार्यालय तथा आपदा नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को तड़के लगभग सवा चार बजे घाट-पिथौरागढ़ एनएच पर एक पिकअप वाहन संख्या यूपी 21-सीएन 6767 पिथौरागढ़ से चम्पावत को जा रही थी। इसी दौरान एक्वा पैराडाइज के पास वाहन सड़क पर पलट गया।

वाहन पलटने से कई उसमें सवार कई लोग खाई में गिर गए। वाहन में सात लोग सवार थे। हादसे की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिथौरागढ़ मोहन चन्द्र पाण्डे, लीडिंग फायरमैन नरेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस व एसडीआरएफ टीम घटनास्थल पर पहुंची।

सभी घायलों को रेस्क्यू कर जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां दो व्यक्तियों सुभान (26) पुत्र दुलारी, निवासी फतेहपुर, मुरादाबाद तथा रब्बानी (25) पुत्र इस्लाम, निवासी लालपुर, मुरादाबाद की उपचार के दौरान मौत हो गयी।

हादसे में गंभीर रूप से घायल मुनासिब (22) पुत्र मुस्लिम, निवासी खरन्जा, फतेहपुर मुरादाबाद तथा नाजिम (24) पुत्र मामीन, निवासी अल्हादपुर अलीगढ़, उप्र को हायर सेंटर रेफर किया गया है।

सामान्य रूप से घायल मोबिन पुत्र यामीन निवासी बहेड़ी, बरेली, वसीम पुत्र दुलाजी निवासी खरन्जा मुरादाबाद तथा इमरान पुत्र हबीब अहमद निवासी पगबड़, मुरादाबाद का जिला मुख्यालय में उपचार चल रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.