पात्रों को मिले महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास योजनाओं का लाभ : सेमवाल

नैनीताल। प्रदेश के महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के सचिव एचसी सेमवाल ने गुरुवार को राज्य अतिथि गृह में जनपद के विभागीय अधिकारियों के साथ विभागीय योजनाओं एवं कार्यो की समीक्षा बैठक की।
इस दौरान उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी एवं बाल विकास परियोजना के अधिकारियों को विभागीय योजनाओं का लाभ सभी पात्र लाभार्थी तक पहुंचाने हेतु अधिकतम क्षमता से कार्य किये जाने के निर्देश दिये।
इसके अलावा सेमवाल ने नंदा गौरा योजना हेतु ऑनलाइन पोर्टल तैयार किये जाने से पूर्व वर्तमान में समान प्रवृत्ति की योजनाओं के पोर्टल का अध्ययन करने, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के लंबित मानदेय का भुगतान करने, आंगनबाड़ी केंद्रों के लंबित भवन किराये का भुगतान करने, पीएम केयर फंड से कोविड काल के दौरान अनाथ हुए बच्चों के संबंध में जाति प्रमाण पत्र पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने सहित विभागीय योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने तथा टेक होम राशन के लाभार्थियों में केंद्र सरकार व राज्य सरकार के डाटा में भिन्नता को सही करने हेतु त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिये। बैठक में बाल विकास परियोजना अधिकारी गौरव पंत, पूनम रौतेला, वन स्टॉप सेंटर की सरोजनी जोशी, अधिवक्ता संगीता टाकुली व जया के अलावा सुपरवाइजर एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों उपस्थित रहीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.