मादक पदार्थों की तस्करी पर कार्रवाई , 434 करोड़ की 62 किलोग्राम हेरोइन जब्त

नयी दिल्ली । मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त कार्रवाई जारी रखते हुए राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने तस्करी के नए तरीके का पता लगाया है। एक एयर कार्गो खेप पकड़ने के बाद कल 62 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है।

यह भारत में कूरियर/कार्गो/हवाई यात्री मोड़ में हेरोइन की अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी है। वित्त मंत्रालय ने आज यहां जारी बयान में कहा कि ब्लैक एंड व्हाइट कोड नाम के आपरेशन में डीआरआई ने उस कार्गो खेप से 55 किलोग्राम हेरोइन जब्त की जिसे ट्रॉली बैग घोषित किया गया था।

यह कार्गो एंटेबे युगांडा से चली थी और दुबई होते हुए एयर कार्गो कॉम्प्लेक्स, इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा नई दिल्ली पहुंची थी।

दो राज्यों पंजाब और हरियाणा में त्वरित अनुवर्ती कार्रवाई के कारण 7 किलोग्राम हेरोइन और 50 लाख की नकद राशि भी पकड़ने में सफलता मिली है। जब्त की गई इस 62 किलो हेरोइन की कीमत 434 करोड़ रुपये आंकी गई है। हालांकि आयातित खेप में 330 ट्रॉली बैग थे, लेकिन जब्त की गई हेरोइन 126 ट्रॉली बैग में बनाई गई धातु की खोखली ट्यूब में छिपाई गई थी।

इसका पता लगाना बेहद मुश्किल था। डीआरआई अधिकारियों ने आपत्तिजनक खेप के आयातक को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य संदिग्ध व्यक्तियों से भी पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की जांच चल रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.