यात्रियों की संख्या बढ़ने से केदारनाथ में बिगड़ने लगी व्यवस्थाएं

धाम सहित पैदल मार्ग पर सात से आठ हजार यात्रियों की है रूकने की व्यवस्था

रुद्रप्रयाग। विश्व विख्यात ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग बाबा केदार के दर्शनों के लिये आने वाले यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। 2019 की तुलना में यहां आने वाले यात्रियों की संख्या में तीन गुना वृद्धि हुई है।

लगातार बढ़ रही यात्रियों की संख्या ने प्रशासन के सामने भी कई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। ऐसे में प्रशासन ने अब केदारनाथ में रहने-खाने के साथ ही अतिरिक्त शौचालय और पेयजल की व्यवस्थ करनी शुरू कर दी है।
केदारनाथ यात्रा को आज मात्र पांचवा दिन है और 95 हजार के करीब यात्री बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। वर्ष 2019 में छह माह के यात्रा सीजन में सबसे अधिक दस लाख यात्री केदारनाथ पहुंचे थे, लेकिन 2019 की तुलना में 2022 में केदारनाथ यात्रा तीन गुना अधिक बढ़ चुकी है।

केदारनाथ धाम में मात्र सात से आठ हजार यात्रियों के रूकने की व्यवस्था है, जबकि धाम जाने वाले यात्रियों की संख्या 18 से बीस हजार के करीब है। मौसम खराब होने के कारण कई यात्री नीचे नहीं लौट पा रहे हैं।

जबकि हेली सर्विस भी मौसम खराब होने के कारण दोपहर बाद नहीं चल पा रही है। ऐसे स्थिति में केदारनाथ धाम में रात के समय रहने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ गई है और प्रशासन के सामने परेशानियां भी खड़ी हो गई हैं।

वर्तमान समय में लिनचौली से लेकर केदारनाथ धाम तक सात से आठ हजार यात्रियों के रूकने की व्यवस्था है, लेकिन भीड़ अधिक होने व मौसम खराब होने के कारण धाम में रूकने वालों की संख्या दस हजार पार भी पहुंच जा रही है।

यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण प्रशासन ने केदारनाथ धाम में गढ़वाल मंडल विकास निगम को अतिरिक्त टेंट लगाने के लिये कहा है। जबकि धाम में अब खाने के साथ ही शौचालय की भी अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

यात्रियों की भीड़ को कंट्रोल करने और व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने के लिये प्रशासन दोपहर 12 बजे बाद अब गुप्तकाशी, सोनप्रयाग, रुद्रप्रयाग सहित अन्य स्थानों में यात्रियों को रोक रहा है।

Leave a Reply