जमशेदपुर : टाटा स्टील प्लांट विस्फोट, तीन ठेका मजदूर घायल

रांची। जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील प्लांट के कोक प्लांट इकाई में आज अचानक विस्फोट हो गया। इस विस्फोट में तीन ठेका कर्मचारी जख्मी हुए हैं। शनिवार की सुबह करीब 10.20 बजे जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिससे प्लांट में आग लग गई। कंपनी के कोक प्लांट के बैटरी नंबर 6 में यह हादसा हुआ। इसमें गैस रिसाव होने लगा। घटना के बाद पूरे एरिया में अफरा-तफरी मच गई।

 तोड़ा जा रहा था कोक प्लांट को

टाटा स्टील ने मुंबई से जारी एक बयान में कहा, आज सुबह, हमें अपने जमशेदपुर वर्क्स में कोक प्लांट यूनिट में विस्फोट की एक घटना की सूचना मिली। प्लांट बेकार पड़ा था और उसे तोड़ा जा रहा था। कंपनी ने कहा कि आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम तुरंत घटना स्थल पर पहुंची और स्थिति पर काबू पा लिया गया।

बयान में कहा गया,”इस धमाके और आगजनी में तीन ठेका मजदूरों को चोटें आई हैं। उनमें से दो को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गयी, जबकि एक मजदूर का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

टाटा स्टील में इससे पहले नहीं हुई घटना

मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार, घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई और आगजनी के कारण का पता लगाने के लिए जांच चल रही है। कंपनी ने कहा , हम सुरक्षित संचालन और इसके सभी हितधारकों की सुरक्षा और भलाई के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसका असर उत्पादन पर नहीं पड़ा है।

जमशेदपुर में स्थानीय लोगों का कहना है कि टाटा स्टील में इससे पहले इस तरह की घटना हाल के दिनों कभी नहीं हुई थी। उनका कहना है कि जिस तरह से सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता है, उससे वहां कार्यरत सभी ठेका मजदूर संतुष्ट रहते हैं और कभी भी किसी ठेका मजदूर को नुकसान की खबर नहीं मिली है।

Leave a Reply