रसोई गैस हुआ मंहगा, सिलेंडर के दाम में 50 रुपए की वृद्धि

नयी दिल्ली। महंगाई की मार झेल रही देश की आम जनता को आज फिर  जोरदार झटका लगा है। रसोई गैस सिलेंडर के दाम में शनिवार को 50 रुपए की वृद्धि की गयी। रसोई गैस के दाम बढ़ने के बाद इसकी कीमत राष्ट्रीय राजधानी में 999.50 रुपए प्रति सिलेंडर हो गयी।

इस महीने के शुरुआत में ही व्यवासायिक कामों में इस्तेमाल होने वाले 19 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर के दाम में 102.50 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी, जिसके बाद सिलेंडर का दाम बढ़कर 2355.50 रुपए हो गया था।

इसके साथ ही पांच किलो के एलपीजी व्यवासायिक सिलेंडर की कीमत भी बढ़ाकर 655 रुपये कर दी गई है। इस दौरान, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

मार्च महीने में भी सिलेंडर के दाम में की गई थी बढ़ोतरी

इससे पहले मार्च महीने में भी घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी की गई थी, जिसके बाद दिल्ली में इसका दाम बढ़कर 949.50 रुपये पर पहुंच गया था। बता दें कि पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के बाद पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों में जो बढ़ोतरी शुरू हुई थी, उसी क्रम में बीती 22 मार्च को, सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की वृद्धि की गई थी। 22 मार्च से पहले करीब छह महीने से एलपीजी सिलेंडर के दाम स्थिर बने हुए थे।

Leave a Reply