आप ने जोत सिंह बिष्ट को बनाया प्रदेश संगठन समन्वयक

विस चुनाव में सीएम पद का चेहरा रहे कर्नल कोठियाल का नाम सूची में नहीं

देहरादून। विधानसभा चुनाव में करारी हार का सामना करने वाली आम आदमी पार्टी एक बार फिर नए सिरे से संगठन को मजबूत करने में जुट गई है। प्रदेश अध्यक्ष घोषित करने के बाद पार्टी ने प्रदेश कार्यकारिणी में 13 और पदाधिकारियों को शामिल किया है।

विस चुनाव के दौरान सीएम पद का चेहरा रहे कर्नल (सेनि) अजय कोठियाल का नाम इस बार भी पदाधिकारियों की सूची में शामिल नहीं किया गया है।
गत दिवस कांग्रेस छोडक़र आप पार्टी में शामिल हुए जोत सिंह बिष्ट को प्रदेश संगठन समन्वयक बनाया गया है।

शनिवार को धर्मपुर स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया व प्रदेश अध्यक्ष दीपक बाली ने नए पदाधिकारियों के नाम की घोषणा की है।
बताया कि जोत सिंह बिष्ट को आप पार्टी का प्रदेश सगंठन समन्वयक बनाया गया है। इसके अलावा बसंत कुमार को वरिष्ठ उपाध्यक्ष व कुमाऊं प्रभारी, शिशुपाल रावत को उपाध्यक्ष के साथ ही नैनीताल व अल्मोड़ा का प्रभारी, सुनीता टम्टा बाजवा को उपाध्यक्ष के साथ काशीपुर व खटीमा का प्रभारी, दिग्मोहन सिंह नेगी को उपाध्यक्ष के साथ पौड़ी, चमोली व रुद्रप्रयाग का प्रभारी, प्रवीण कुमार बसंल को उपाध्यक्ष के साथ पछवादून का प्रभारी, डिंपल सिंह को उपाध्यक्ष के साथ देहरादून का प्रभारी, नरेश शर्मा को उपाध्यक्ष के साथ हरिद्वार व रुडक़ी का प्रभारी, आजाद अली को उपाध्यक्ष के साथ अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रभारी, अजय जायसवाल को महासचिव, धर्मेंद्र कुमार बंसल को कोषाध्यक्ष, अमित जोशी को मीडिया प्रभारी व दीप प्रकाश पंत को सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही और पदाधिकारियों के नाम घोषित किए जाएंगे। प्रदेश प्रभारी ने कहा कि पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श कर चंपावत उपचुनाव में प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया जाएगा। आगामी निकाय व पंचायत चुनावों को मजबूती के साथ लड़ा जाएगा। कर्नल कोठियाल के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह स्वास्थ्य कारणों से घर पर आराम कर रहे हैं।
कांग्रेस छोडक़र आप पार्टी में शामिल हुए जोत सिंह बिष्ट ने कहा कि कांग्रेस में अनुशासनहीनता व आपसी गुटबाजी चरम पर है। उन्होंने 40 साल कांग्रेस को दिए पर पार्टी में सच्चे व ईमानदार कार्यकर्ताओं की कद्र नहीं होती है। उन्होंने आप पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आभार भी जताया।

Leave a Reply