खाई में गिरी वाहन , एक की मौत , तीन लोग घायल

उत्तरकाशी । आज सुबह एक वाहन खाई में गिर गयी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और  तीन लोग घायल हो गये।

एसडीआरएफ प्रवक्ता ललिता दास नेगी ने बताया कि आज प्रात:चार बजे जिला नियंत्रण कक्ष उत्तरकाशी से नाकुरी नामक स्थान पर एक वाहन खाई में गिरने के कारण, बचाव कार्य के लिए टीम मांगी गई।

सूचना के बाद एसडीआरएफ पोस्ट, उजेली से मुख्य आरक्षी भरत सिंह के नेतृत्व में बचाव टीम ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंच राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन छोटा हाथी नंबर यूके-10सीए-1137 मे 05 लोग सवार थे। यह सभी बोन गांव में हुए शादी समारोह से मालती गांव की ओर जा रहे थे।

बीच रास्ते में नाकुरी नामक स्थान पर वाहन अनियंत्रित होकर 50 मीटर गहरी खाई में गिर गया। श्रीमती नेगी ने बताया कि वाहन सवार अरविंद रावत पुत्र ज्ञानेंद्र (30) निवासी मालती, उत्तरकाशी की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। एक युवक स्वत: ही खाई से ऊपर आ गया।

एसडीआरएफ टीम ने सभी को मुख्य सड़क पर लाकर घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल भेज दिया, जबकि मृतक का शव जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.