After Header-1

विद्युत कटौती से बेहाल उत्तर प्रदेश को जल्द मिलेगी राहत 

लखनऊ । विद्युत कटौती से बेहाल उत्तर प्रदेश को जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद है। ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने बताया कि विद्युत आपूर्ति बढ़ाने के हर सम्भव प्रयास हो रहे हैं। आज से कुछ स्रोतों से अतिरिक्त बिजली मिलने की शुरुआत हो रही है जिससे स्थिति बेहतर होगी।

2630 मेगावाट विद्युत उत्पादन क्षमता वाले अनपरा ताप विद्युत गृह की इकाइयों के लिए 10 लाख मीट्रिक टन कोयला नार्दन कोल फील्ड लिमिटेड की खदानों से रेल के साथ-साथ सड़क मार्ग से भी लाने का इंतजाम किया जा रहा है।

इसके अलावा कोयले की आपूर्ति से अनपरा उत्पादन गृह में कोयले का पर्याप्त भण्डारण बना रहेगा, जिसका उपयोग जरूरत के अनुसार विद्युत उत्पादन में किया जाएगा। ऊर्जा मंत्री ने निर्देश दिये कि रेलवे के रेक को जल्दी ख़ाली करने के प्रयास किए जायं जिससे वो कोयला लाने के लिए ज्यादा फेरा कर सकें।

शर्मा ने बताया कि उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा देने के लिए विद्युत संयंत्रों की लगातार मॉनिटरिंग हो रही है। इस प्रयास में उन्होंने रविवार दोपहर जालौन के 33 केवी के दो विद्युत उपकेंद्रों ( एट एवं उसरगांव ) पर औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि टोल फ्री नम्बर 1912 की लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है।

स्थानीय दोषों के पूर्वानुमान सहित उनको कम से कम समय में ठीक कराने की कोशिश हो रही है। जिससे जो विद्युत उपलब्ध है वह उपभोक्ताओं तक निर्बाध पहुँचे। ऊर्जा मंत्री ने इसके अलावा उन्नाव मे दही चौकी इलाके में एक उपकेन्द्र का निरीक्षण किया।

उन्होने ट्वीट कर कहा ‘‘ उन्नाव के दही चौकी में स्थित राज्य के एक बड़े विद्युत उपकेंद्र (765/400 केवी) का भी आज दोपहर डेढ़ बजे औचक निरीक्षण किया। रविवार के दिन कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी मित्रों को प्रोत्साहन के साथ जनसेवा में और सजग रहने को कहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.