राज्य में कोविड-19 की चौथी लहर का प्रकोप शुरू, 24 नये संक्रमित मिले

देहरादून ।राज्य  में अब कोविड-19 की चौथी लहर का प्रकोप शुरू हो गया है। बुधवार को यहां 24 नये संक्रमितों में सबसे ज्यादा 18 देहरादून में मिलने के बाद प्रशासन ने मास्क न लगाने वालों और सार्वजनिक थूकने की बंदिशें कड़ाई से लागू कर दीं।

स्वास्थ्य महानिदेशालय द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, राज्य में 24 नये कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिससे प्रभावित लोगों का आंकड़ा 92352 पहुंच गया। यह अलग बात है कि कुल 88775 व्यक्ति स्वस्थ हो चुके हैं।

वर्तमान में यहां 80 सक्रिय रोगी हैं। आज देहरादून जनपद में 18, नैनीताल में तीन, चमोली में दो और पौड़ी जनपद में मात्र एक कोरोना संक्रमित मिला है। उधर, देहरादून में संक्रमण के बढते मामलो के दृष्टिगत जिलाधिकारी डॉ आर राजेश कुमार ने सम्पूर्ण जनपद में घर के बाहर सार्वजनिक स्थानों पर पूर्व की भांति मास्क, गमछा, रूमाल या दुपट्टा/स्कार्फ पहनना अनिवार्य होने सम्बन्धी आदेश जारी किये हैं।

साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर थूकना प्रतिबन्धित कर दिया है। आदेशों का उल्लंघन दण्डनीय अपराध होगा। ऐसी दशा में प्रदत्त व्यवस्था के अनुरूप 500 रुपये से 1000 रुपये तक जुर्माने के रूप में वसूला जाएगा।

उन्होंने उप जिला मजिस्ट्रेट, नगर मजिस्ट्रेट, पुलिस क्षेत्राधिकारी और थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत आदेशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.