विवाहिता ने बच्चे को पीठ पर बांध लगाई फांसी

गोपेश्वर। विवाहिता ने अपने 14 माह के बच्चे को पीठ पर बांधकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर दी। सूचना मिलने पर राजस्व पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार घाट ब्लाक के सरपाणी गांव निवासी सुखवीर लाल की 2 वर्षीय पत्नी अनीशा देवी मंगलवार को अपने 14 माह के बच्चे को लेकर घर से गायब हो गई थी।

इसके बाद परिजन उसकी ढूंढखोज करते रहे लेकिन पता नहीं चल पाया। बुधवार सुबह तक उसका कोई सुराग न मिलने पर ग्रामीणों ने अनहोनी का अंदेशा जताते हुए जंगल में खोजबीन शुरु कर दी।

इस दौरान गांव के जंगल में अनीशा का शव पेड़ पर चुन्नी से लटका मिला। अनीशा की पीठ पर उसके 14 माह के बच्चे का शव भी था।सरपाणी के प्रधान महावीर सिंह ने घटना की सूचना राजस्व पुलिस की दी।

सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

तहसीलदार राकेश देवली ने बताया कि बुधवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर टीम की ओर से महिला और उसके 14 माह के बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मामले में ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही महिला के मौत के कारणों पता चल सकेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.