हत्या के आरोपी को अदालत परिसर से छुडाने आये दो बदमाश गिरफ्तार

नैनीताल। हत्या के आरोपी को अदालत परिसर से छुडाने आये दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। कुमाऊं के पुलिस उपमहानिरीक्षक डा. नीलेश आनंद भरणे व उधमसिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टीएस मंजूनाथ ने मामले का खुलासा करते बताया कि किच्छा के चर्चित ट्रांसपोर्टर समीर की तीन साल पहले हत्या कर दी गयी थी।

पुलिस ने हत्या के आरोप में उत्तर प्रदेश में बरेली के रहने वाले अंग्रेज सिंह उर्फ रिंकू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बुधवार को रूद्रपुर में अतिरिक्त जिला न्यायाधीश की अदालत में आरोपी की पेशी थी। आरोपी लंबे समय से जेल में बंद है।

इसलिये उसके साथी बदमाशों ने उसे हथियारों के बल पर पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाकर ले जाने की योजना बनायी। पुलिस इस मामले में पहले से सतर्क थी। पुलिस को इस पूरे प्रकरण की भनक लग गयी।

पुलिस अधीक्षक (अपराध) ममता बोहरा की अगुवाई में एसओजी व पुलिस के तेजतर्रार अधिकारियों की एक टीम का गठन किया गया। पुलिस ने अपराधियों को घटना को अंजाम देने से पहले अदालत परिसर में ही घेरने की योजना बनायी।

सादी वर्दी में पुलिस अधिकारी तैनात किया गया और अदालत की सुरक्षा बढ़ा दी गयी। घटनाक्रम के मुताबिक तय समय पर दो बदमाश एक सफेद बलेनो कार से अदालत परिसर में घुसे। उनके पास हथियार थे।

पुलिस ने बिना देर लगाये दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान रिंकु कुमार और उदय वीरेन्द्र सिंह उर्फ उदयवीर सिंह के रूप में हुई।

आरोपियों के पास से पुलिस को स्वदेशी पिस्तौल और तंमचा के साथ कुछ कारतूस भी बरामद हुए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं।

रिंकू रूद्रपुर के पार्षद अपहरण कांड में भी जेल में बंद रहा है और उसके खिलाफ किच्छा, उप्र के बहेड़ी, भोजीपुरा, मुरादाबाद, थाना बिलासपुर और रामपुर में लूट के कई अभियोग पंजीकृत हैं।

आरोपी कई वर्षों तक जेल में रहने के बाद 20 दिन पहले ही जेल से बाहर आया है। आरोपी के खिलाफ रूद्रपुर और किच्छा में भी दो अभियोग दर्ज हैं। इसी प्रकार दूसरा आरोपी उदय वीरेन्द्र उर्फ उदयवीर भी हिस्ट्रीशीटर है और वह गदरपुर में ढ़ाबे में हुए सिपाही हत्याकांड का आरोपी है।

वह भी दो साल तक जेल में रहा है। आरोपी के खिलाफ भी गदरपुर में दो अभियोग पंजीकृत हैं।

मंजूनाथ ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश हथियारों के बल पर अदालत परिसर से अफरातफरी व भय का माहौल बना कर आरोपी को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ा कर ले जाना चाहते थे। इसमें पंजाब के भी कुछ बदमाशों का नाम सामने आ रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.