चंपावत से चुनाव लड़ेंगे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

देहरादून। सीएम पुष्कर सिंह धामी चंपावत विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे यह लगभग तय हो गया है। चंपावत विधानसभा सीट से भाजपा विधायक कैलाश गहतोड़ी ने अपनी विधानसभा सीट छोड़ने की पेशकश की थी।अब कैलाश गहतोड़ी कल विधानसभा पहुंचकर विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी को अपना इस्तीफा सौंपेंगे।

इससे पहले भाजपा प्रदेश संगठन की बैठक होने जा रही है जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के उपचुनाव को लेकर चर्चा किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चंपावत विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने की अधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।

इसके साथ ही अब यह तय हो गया है कि मुख्यमंत्री धामी चम्पावत से ही उपचुनाव लड़ेंगे। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने दो-तिहाई बहुमत हासिल किया, लेकिन मुख्यमंत्री स्वयं खटीमा से चुनाव हार गए थे।

अब धामी को छह माह के भीतर विधानसभा का सदस्य बनना है। धामी के फिर से मुख्यमंत्री बनने के बाद सबसे पहले चम्पावत से पार्टी विधायक कैलाश गहतौड़ी ने उनके लिए सीट छोड़ने की घोषणा की थी।

इसके बाद पार्टी के कुछ अन्य विधायकों के साथ एक निर्दलीय और कांग्रेस के एक विधायक ने भी ऐसी ही पेशकश की। हाल में मुख्यमंत्री ने दिल्ली प्रवास के दौरान अपने उपचुनाव के लिए सीट के संबंध में केंद्रीय नेताओं से बातचीत की थी।

Leave a Reply