After Header-1

दो घंटे इंतजार के बाद प्रीतम से हुई आर्य की मुलाकात

नयी नियुक्तियों को लेकर कांग्रेस के भीतर मचा है घमासान 

देहरादून। नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पदों पर नये नामों की घोषणा के साथ मची कांग्रेस की रार अभी थमी नहीं है। नयी नियुक्तियों के बाद कांग्रेस नेताओं  के बीच उभरी तल्खियों का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि आज प्रीतम सिंह व यशपाल आर्य की मुलाकात के लिए दो घंटे का समय लगा।
कल रात को कुमाऊं से देहरादून के लिए निकले आर्य ने आज पार्टी नेताओं के साथ बात करके विद्रोह व विरोध की अटकलों को शांत करने के लिए मेल -मुलाकात की कोशिश की। आर्य यमुना कालोनी स्थित पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह के घर पहुंचे तो पता चला कि वे घर पर ही नहीं थे।
इसके बाद आर्य वहीं उनका इंतजार करते रहे। करीब दो घंटे बाद दोनों नेताओं की मुलाकात हो पायी। विधानसभा चुनाव में उम्मीदों के विपरीत हार का मुंह देखने के बाद कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष को हटा दिया था। इसके बाद दो दिन पहले ही नये अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष का चयन कर लिया गया, लेकिन नामों की घोषणा होने के साथ ही उत्तराखंड कांग्रेस में हालात बिगड़ गये।
पार्टी में आलाकमान के फैसले की जबरदस्त खिलाफत हुई, लेकिन नेताओं ने बचते-बचाते इसके लिए प्रदेश प्रभारी, सलाहकार व पर्यवेक्षकों को जिम्मेदार ठहराते हुए अपने गुस्से का इजहार किया। निर्वतमान नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने तो अपने पर गुटबाजी का आरोप साबित होने पर विधायक पद से इस्तीफ देने की बात तक कह डाली थी।
इसके बाद आज नेता प्रतिपक्ष नियुक्त होने के बाद देहरादून पहुंचे यशपाल आर्य ने प्रीतम सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीर बता रही है कि आर्य को गुस्साये प्रीतम सिंह को मनाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। प्रीतम इस पद के लिए सबसे बड़े दावेदार थे, लेकिन चुनावी हार की साझी जिम्मेदारी ने उनकी राह को रोक दिया।
बताया जा रहा है कि यशपाल आर्य जब प्रीतम सिंह के आवास पहुंचे तो प्रीतम सिंह घर पे नहीं थे। लगभग 2 घंटे देर से प्रीतम घर पहुंचे। तब तक यशपाल आर्य वहीं मौजूद रहे। इसके बाद प्रीतम व आर्य के बीच लगभग 1 घंटे बंद कमरे में बात हुई।
दोनों ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया। प्रीतम ने 2 घंटे की देरी को लेकर कहा कि वे बार के चुनाव  में गये थे इसलिए विलंब हो गया। दोनों नेताओं ने पार्टी में किसी गुटबाजी से इनकार करते हुए कहा कि सब ठीक है, कांग्रेस एकजुट होकर काम करेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.