After Header-1

यूपी: विधान परिषद चुनाव में भाजपा ने जीती 33 सीट

लखनऊ। यूपी में विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन वाले 35 क्षेत्रों की 36 सीटों के लिये हुए चुनाव में मतदान वाली 27 सीटों पर मंगलवार को मतगणना के बाद चुनाव आयोग द्वारा घोषित चुनाव परिणाम में भाजपा ने 33 सीटें जीती हैं।

दो सीट पर निर्दलीय और एक सीट पर जनसत्ता दल का उम्मीदवार विजयी घोषित किया गया है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय की ओर से मतदान वाली सभी 27 सीटों पर मंगलवार शाम को मतगणना पूरी होने के बाद घोषित किये गये चुनाव परिणाम में यह जानकारी दी गयी है।

आयोग द्वारा जारी बयान के अनुसार पूर्व निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के तहत कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज सुबह आठ बजे से मतगणना शुरु हुयी थी। मतगणना के शुरुआती रुझानों में ही अधिकांश सीटों पर भाजपा के उम्मीदवारों ने निर्णायक बढ़त हासिल कर ली।

नौ सीटों पर सिर्फ भाजपा के ही उम्मीदवारों का नामांकन होने के कारण उन्हें मतदान के पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया था। इस प्रकार स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन वाली 36 सीटों में से भाजपा ने 33 सीटें जीत कर राज्य विधान मंडल के उच्च सदन में भी पूर्ण बहुमत हासिल कर लि है।

उत्तर प्रदेश की सौ सदस्यीय विधान परिषद में अब भाजपा के 66 सदस्य हो गये हैं। चुनाव जीतने वाले तीन अन्य उम्मीदवारों में मऊ-आजमगढ़ सीट से निर्दलीय उम्मीदवार विक्रांत सिंह ‘रिशू’ और वाराणसी सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार अन्नपूर्णा शामिल हैं।

वहीं, प्रतापगढ़ सीट पर जनसत्ता दल के अक्षय प्रताप उर्फ गोपाल जी ने जीत दर्ज की है। मतदान वाली शेष 24 सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार जीते हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.